कानपुर देहात: रनियां के श्रीराम जानकी आश्रम से 7 लाख रुपये नगद और लाखों के सोने-चांदी के आभूषण चोरी, पुलिस जांच में जुटी
दिवंगत महंत के त्रयोदशी संस्कार के बाद बुधवार को हुआ वारदात का खुलासा, नए महंत रामदास ने एक संदिग्ध पर जताया शक

रनियां। रनियां क्षेत्र के बिलई गांव स्थित श्रीराम जानकी आश्रम में वहां रखे 7 लाख रुपए नगद व लाखों रुपए कीमत के आभूषण चोरी चले जाने का एक मामला सामने आया है। बुधवार को आश्रम में चोरी की जानकारी पर महंत ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू की। महंत ने आश्रम में आने वाले एक व्यक्ति पर संदेह जताया है।
करचल बिलई गांव स्थित श्री राम-जानकी आश्रम के दिवंगत महंत मनमोहन दास त्यागी की कुछ दिनों पहले मृत्यु हो गई थी। इसके बाद यहां रामदास को महंत बनाया गया था। मनमोहन दास त्यागी की मौत के बाद उनके शिष्य यहां बराबर आ जा रहे थे। मनमोहन दास त्यागी द्वारा उनके पास जो रुपए व सोने चांदी के आभूषण थे उन्हें एक लाकर में रखा गया था और उसकी चाभी वहीं पर रखी रहती थी। मंगलवार को त्रयोदशी संस्कार के बाद जब समी लोग चले गए तो बुधवार की सुबह रामदास का ध्यान लाकर की चाभी पर गया और चाभी मिलने के बाद जब लाकर खोला गया तो सन्न रह गए। लाकर में रखा 7 लाख रुपए नगद तथा चांदी के मुकुट, लोटा, अगरबत्ती, चिलम, मूर्तियों के आभूषण, चिमटा, थाली, आदि सामान गायब था।
इसके बाद सूचना पर थानाध्यक्ष दिनेश कुमार गौतम मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल शुरू की। इस संबंध में थानाध्यक्ष ने बताया कि महंत ने एक व्यक्ति जिसका नाम पता ज्ञात है उस पर चोरी का संदेह जताया है। घटना की छानबीन शुरू कर दी गई है।



