मिशन शक्ति अभियान के तहत इंस्पेक्टर एस एन सिंह रनिया में संचालित एस फिटनेस हब में चलाया जागरूकता अभियान
रनिया नगर पंचायत स्थित एस फिटनेस हब जिम सेंटर में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
रनियां। प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति फेज 5.0 अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन के प्रति जागरूक करने का अभियान निरंतर जारी है। इसी क्रम में गुरुवार को रनिया नगर पंचायत स्थित एस फिटनेस हब जिम सेंटर में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मिशन शक्ति प्रभारी रीना गौतम ने जिम सेंटर में प्रशिक्षण लेने वाली बालिकाओं व छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, आपातकालीन नंबर 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, एंबुलेंस सेवा 108 और महिला हेल्पडेस्क जैसी सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही साइबर सेल से जुड़ी सुरक्षा सावधानियों और ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपायों पर भी छात्राओं को जागरूक किया।
इस अवसर पर रनिया थाना प्रभारी शिवनारायण सिंह ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान के तहत थाना स्तर पर लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। महिलाओं, छात्राओं और बालिकाओं को आत्मरक्षा, साइबर सुरक्षा और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें।
कार्यक्रम में एस फिटनेस सब जिम सेंटर के संचालक सानू यादव व पूर्व प्रधान रनिया जीतू यादव ने भी अभियान का समर्थन करते हुए कहा कि ऐसी पहल से समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान और सुरक्षा का भाव मजबूत होता है।



