कानपुर- ईद पर शांति और भाईचारे का संदेश: अपर पुलिस आयुक्त डॉ विपिन ताडा ने तैयारियों को लेकर की समीक्षा बैठक
पुलिस और प्रशासन अलर्ट: नगर निगम, केस्को और फायर ब्रिगेड को समय से पूर्व व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के कड़े निर्देश

कानपुर: आगामी ईद के पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से आज अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ विपिन ताडा ने एक विशेष बैठक की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों और स्थानीय जनमानस से मुलाकात की। बैठक का मुख्य केंद्र लोगों की समस्याओं को समझना और त्योहार के सफल आयोजन के लिए उनके सुझावों पर चर्चा करना रहा।
सुरक्षा और व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद करने के लिए इस बैठक में सभी जोन के पुलिस उपायुक्त, अपर पुलिस उपायुक्त और सहायक पुलिस आयुक्त मौजूद रहे। पुलिस विभाग के साथ-साथ समन्वय स्थापित करने के लिए एडीएम सिटी, अपर नगर आयुक्त, नगर निगम, बिजली विभाग (केस्को) और अग्निशमन विभाग के अधिकारियों को भी बुलाया गया था।
डॉ विपिन ताडा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहार के दिन किसी भी प्रकार की असुविधा या बाधा उत्पन्न न हो, इसके लिए सभी बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्य समय रहते पूरे कर लिए जाएं। उन्होंने सड़कों की सफाई, निर्बाध बिजली आपूर्ति और आपातकालीन स्थितियों के लिए अग्निशमन सेवाओं की मुस्तैदी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर उपस्थित नागरिकों से अपील की गई कि वे आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ ईद का पर्व मनाएं। साथ ही, पुलिस बल को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाएं और कानून-व्यवस्था को पूरी तरह सुदृढ़ रखें, ताकि नागरिक बिना किसी भय के हर्षोल्लास के साथ त्योहार मना सकें।
ये भी पढे- कानपुर देहात में दो बाइकों की भिड़ंत में दंपति समेत चार घायल चालक गंभीर,भेजा गया कानपुर



