उत्तरप्रदेश
कानपुर देहात : अकबरपुर रामलीला समिति से गुड्डन सिंह जितेंद्र का इस्तीफा, आम सभा के प्रस्तावों की अनदेखी का लगाया आरोप
नए अध्यक्ष के चयन व मर्यादा विरोधी आचरण वाले सदस्यों को शामिल करने पर जताया खुला विरोध
सुशील त्रिवेदी,अकबरपुर, कानपुर देहात। ऐतिहासिक रामलीला समिति अकबरपुर की नवगठित 15 सदस्यीय कार्यकारिणी को लेकर विवाद गहरा गया है। आम सभा के निर्णयों की अनदेखी और जनभावनाओं का हवाला देते हुए गुड्डन सिंह जितेंद्र ने अपने पद से औपचारिक त्यागपत्र निर्वाचन अधिकारियों को सौंप दिया है।
निर्वाचन अधिकारियों और मुख्य संरक्षक मंडल को भेजे गए त्यागपत्र में गुड्डन सिंह जितेंद्र ने स्पष्ट किया कि 19 अगस्त को आयोजित आम सभा की बैठक में निर्वाचन अधिकारी हरिओम शुक्ला, महेश अग्रवाल और विपिन चन्द्र दीक्षित को नई समिति के गठन की जिम्मेदारी दी गई थी। इसके तहत 15 सदस्यीय समिति का गठन किया गया, लेकिन गठन प्रक्रिया में आम सभा में तय हुए दो अहम बिंदुओं का पालन नहीं किया गया।
पत्र में दो प्रमुख आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं:
आम सभा में सर्वसम्मति से प्रस्ताव आया था कि सभा के सम्मान में किसी नए सदस्य को अध्यक्ष पद पर चयनित किया जाए, लेकिन इसका अनुपालन नहीं हुआ। समिति की मर्यादा के विरुद्ध आचरण करने वाले लोगों को नई कार्यकारिणी में शामिल न करने का निर्णय लिया गया था, जिसे दरकिनार कर दिया गया। गुड्डन सिंह जितेंद्र ने कहा कि इन दोनों प्रस्तावों की अनदेखी से आम जनमानस में गहरा रोष है और लोग लगातार सोशल मीडिया व अन्य माध्यमों से असंतोष व्यक्त कर रहे हैं।
जनभावनाओं का सम्मान करते हुए उन्होंने अपने पद से त्यागपत्र देते हुए निर्वाचन अधिकारियों से इसे तत्काल प्रभाव से स्वीकार करने का अनुरोध किया है।



