कानपुर देहात: रनिया के शिवाजी नगर में पाइप लाइन लीकेज हो जाने से गली में जलभराव,आवागमन में काफी परेशानी
स्कूली बच्चों को पानी से होकर गुजरना पड़ा, जबकि करीब 50 घरों की जलापूर्ति भी ठप हो गई।

रनियां। नगर पंचायत रनिया के शिवाजी नगर वार्ड-7 में मंगलवार को दोबारा पाइप लाइन लीकेज हो जाने से गली में जलभराव हो गया। इससे लोगों के आवागमन में काफी परेशानी हुई। स्कूली बच्चों को पानी से होकर गुजरना पड़ा, जबकि करीब 50 घरों की जलापूर्ति भी ठप हो गई।वहीं इसी रास्ते से होकर दो विद्यालयों में जाने का मार्ग होने से लगभग 500 बच्चों को रोजाना जलभराव से होकर गुजरना पड़ रहा है। कई बच्चे फिसलकर गिर भी चुके हैं।
बताया गया कि करीब एक माह पहले वाहन की टक्कर से गली में लगा बिजली का पोल टूट गया था। इसके बाद बिजली निगम ने नया पोल लगवाया। पोल लगाने के लिए गड्ढा खोदाई के दौरान भूमिगत पानी की पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। टंकी से पानी छोड़े जाने पर गली में पानी भर जाता है।लीकेज के कारण करीब 50 घरों में जलापूर्ति बाधित है। लोगों को पीने के पानी के लिए पड़ोसियों के सबमर्सिबल पंप या दूर लगे हैंडपंप से पानी लाना पड़ रहा है। वहीं इसी रास्ते से होकर दो विद्यालयों में जाने का मार्ग होने से लगभग 500 बच्चों को रोजाना जलभराव से होकर गुजरना पड़ रहा है। कई बच्चे फिसलकर गिर भी चुके हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि होली से पहले पाइप लाइन में लीकेज हुआ था। होली के बाद नगर पंचायत के कर्मियों ने इसे सही कर जलापूर्ति शुरू कराई थी, लेकिन सोमवार देर शाम दोबारा पाइप लाइन फट गई। मंगलवार सुबह गली तालाब जैसी नजर आई, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। अमित शर्मा, संदीप यादव, नसीर अहमद, निशा पाल, आर्यन गुप्ता, विनय प्रताप सिंह समेत अन्य लोगों ने समस्या जल्द समाधान की मांग की है।
इस संबंध में ईओ रनिया मनीष राय ने बताया कि सूचना मिलने पर नगर पंचायत के कर्मियों को दोबारा मौके पर भेजा गया है। पाइप लाइन का लीकेज ठीक कराकर जल्द जलापूर्ति बहाल कराई जाएगी।
ये भी पढ़े- कानपुर देहात: जनपद के विभिन्न विकास खंडों में रोजगार मेले का 13 मार्च से होगा आयोजन



