कानपुर देहात: छुट्टी पर घर आया एयरफोर्स का जवान संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, मलासा स्टेशन पर मिले कपड़े और चप्पल
कानपुर देहात के बरौर क्षेत्र का मामला: डॉक्टर को दिखाने निकला था 22 वर्षीय जवान, परिजनों की तहरीर पर पुलिस तलाश में जुटी
कानपुर देहात: जनपद के बरौर थाना क्षेत्र के सूर्यपुर हिम्माथार गांव से एक भारतीय वायु सेना का जवान संदिग्ध परिस्थितियों में कहीं लापता हो गया।मंगलवार शाम वह अस्पताल जाने की बात कहकर घर से निकले थे और फिर वापस नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट बरौर थाने में दर्ज कराई है।पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर लापता युवक की तलाश शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के सूर्यपुर हिम्माथार गांव निवासी रामू यादव ने बुधवार को बरौर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराते हुए पुलिस को बताया कि उनका भतीजा गौरव यादव उम्र करीब 22 वर्ष भारतीय वायु सेना में सेवारत है।वह अवकाश पर घर आया हुआ था।बीती मंगलवार शाम करीब 6 बजे गौरव हांसेमऊ अस्पताल डॉक्टर को दिखाने जाने की बात कहकर घर से निकला था।परन्तु घर वापस नहीं लौटा।परिजनों द्वारा खोजबीन करने पर गौरव के कपड़े और चप्पल मलासा स्टेशन पर मिले थे।
परन्तु गौरव का कहीं सुराग नहीं लग सका।जिसके बाद परिजनों ने बरौर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।लापता युवक का रंग गोरा,लंबाई करीब 6 फुट है।थाना प्रभारी राहुल कुमार ने बताया कि गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है।लापता युवक की तलाश कराई जा रही है।



