कानपुर देहात में हाइवे किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में मिला युवक का शव
परिजनों ने दर्ज कराई हत्या की रिपोर्ट, पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी

कानपुर देहात के डेरापुर थाना क्षेत्र के बलहरामऊ मोड़ स्थित नेशनल हाइवे पर सोमवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में लहूलुहान अवस्था में मिले एक शव के मामले में नया मोड सामने आया है।परिजनों ने गांव के दो युवकों के खिलाफ हत्या मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई है।पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताते चलें कि डेरापुर थाना क्षेत्र के बलहरामऊ गांव स्थित नेशनल हाइवे मोड पर सोमवार सुबह एक युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिला था।घटना की सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी मुँगीसापुर अरविंद तिवारी ने मौके पर पहुंचकर मृतक की पहचान बरौर थाना क्षेत्र के अंगदपुर गांव निवासी स्वर्गीय संदीप शर्मा के 25 वर्षीय पुत्र प्रदीप उर्फ सुक्खा के रूप में कर सूचना परिजनों को भेजी थी।सूचना मिलने ही आक्रोशित परिजनों तथा ग्रामीणों ने बरौर थाने पहुंचकर गांव के दो युवकों पर हत्या का आरोप लगाते हुए आरोपियों के विरुद्ध कार्यवाही को लेकर हंगामा किया था।
पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के पश्चात कार्यवाही का आश्वासन देते हुए परिजनों को समझाबुझा कर शांत किया।मामले में मंगलवार को परिजनों ने अंगदपुर गांव के दो युवकों के खिलाफ हत्या समेत अन्य संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई।मृतक के बाबा जगदीश नारायण ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए पुलिस को बताया कि उनका नाती प्रदीप उर्फ सुक्खा 25 वर्ष भरण पोषण के लिए आंध्र प्रदेश में पानी पूड़ी का काम करता था।दीपावली के त्यौहार पर वह घर आया था।
बीती रविवार की शाम करीब 7 बजे गांव के मयंक व ऋषि कटियार अंगदपुर शराब ठेका के पास से उसे जबरन बैगनआर गाड़ी में अगवा कर ले गए।उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपियों ने प्रदीप की मारपीट कर हत्या कर दी और घटना को दुर्घटना का रूप देने के लिए शव सड़क किनारे हाइवे पर फेंक दिया।थाना प्रभारी अमिता वर्मा ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर हत्या समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।आरोपियों की तलाश की जा रही है।उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



