कानपुर देहात: रसूलाबाद समाधान दिवस में भड़के डीएम, तोरना और नारखुर्द के लेखपालों को सस्पेंड करने का दिया निर्देश !
विधायक पूनम शंखवार और डीएम कपिल सिंह ने सुनीं 188 शिकायतें, अवैध कब्जे पर कार्रवाई न होने से नाराज होकर लिया बड़ा एक्शन।
कानपुर देहात : जनपद की रसूलाबाद तहसील में आयोजित जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस में उस वक्त हड़कंप मच गया जब जिलाधिकारी कपिल सिंह ने तोरना और नारखुर्द गांवों में अवैध कब्जे और निर्माण के मामलों पर कार्रवाई न करने के दोषी लेखपालों को तुरंत सस्पेंड करने के निर्देश दे दिए। इस समाधान दिवस में रसूलाबाद विधायक पूनम शंखवार, जिलाधिकारी कपिल सिंह, पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय और अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिग्विजय सिंह ने एक-एक कर आम जनता की शिकायतों को बेहद गंभीरता से सुना।
रसूलाबाद तहसील में आज कुल 188 शिकायतें आईं, जिनमें से 6 मामलों का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया। जिलाधिकारी ने कड़े रुख में कहा कि बची हुई सभी शिकायतों का तय समय के अंदर बेहतरीन और पारदर्शी तरीके से निस्तारण होना चाहिए। उन्होंने एक नई व्यवस्था लागू करते हुए कहा कि अधिकारी केवल कागजों पर काम न दिखाएं, बल्कि मौके पर जाकर जांच करें और समाधान के बाद खुद शिकायतकर्ता से बात करके उसका फीडबैक लें कि वह संतुष्ट है या नहीं।
डीएम ने सख्त हिदायत दी कि लापरवाही मिलने पर सीधे विभागीय कार्रवाई होगी। इसके साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि जमीन से जुड़े हर झगड़े में पुलिस और राजस्व की संयुक्त टीम ही मौके पर जाएगी। मुख्यमंत्री संदर्भ, आईजीआरएस और जनप्रतिनिधियों की तरफ से आने वाले मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता पर निपटाया जाए।
जनता की सहूलियत के लिए जिलाधिकारी ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को रोजाना सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक अपने-अपने कार्यालयों में अनिवार्य रूप से बैठने और शिकायत पंजिका का रखरखाव करने के निर्देश दिए हैं। रसूलाबाद क्षेत्र में जल जीवन मिशन के तहत हुए कामों पर भी डीएम ने बड़ा फैसला लेते हुए सभी अधिकारियों को गांवों का स्थलीय निरीक्षण करने और ग्रामीणों से बात कर रिपोर्ट सौंपने को कहा है।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिग्विजय सिंह, उप जिलाधिकारी रसूलाबाद और अन्य विभागों के बड़े अफसर मौके पर तैनात रहे।
ये भी पढे- कानपुर देहात: मुख्य विकास अधिकारी ने सिकंदरा तहसील में सुनीं आम जनता की समस्याएं।



