दोस्तों संग नहर में नहाने गए इंटर के छात्र की पानी में डूबकर मौत,परिजनों ने मचा कोलाहल,पुलिस छानबीन में जुटी
कानपुर देहात में दोस्तों के साथ नहर में नहाने गए 17 वर्षीय छात्र की मंगलवार को नहर में डूबने से मृत्यु हो गई।इकलौते पुत्र की मृत्यु से परिजनों में चीख पुकार मच गई।

ब्रजेन्द्र तिवारी, पुखरायां। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।मामला कानपुर देहात के अमराहट थाना क्षेत्र के अमराहट कैनाल पंप नहर का है। थाना क्षेत्र के अमराहट गांव निवासी इंद्रपाल के 17 वर्षीय पुत्र मधुर यादव ने इसी वर्ष इंटरमीडिएट की परीक्षा पास की थी।
मंगलवार सुबह वह अपने दोस्तों संग अमराहट कैनाल पंप नहर में नहाने के लिए गया था।नहाते वक्त वह गहरे पानी में डूब गया।यह देख दोस्तों ने शोर मचाना शुरू कर दिया।आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने उसे पानी से बाहर निकाला तथा सूचना परिजनों को दी।सूचना मिलने पर परिजनों ने आनन फानन में उसे नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
जहां मौजूद चिकित्सक ने परीक्षण उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया।वहीं घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।मधुर यादव अपने माता पिता का इकलौता पुत्र था तथा उसने इसी वर्ष इंटरमीडिएट की परीक्षा पास की थी।इकलौते पुत्र की मृत्यु से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था।थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।अन्य विधिक कार्यवाही की जा रही है।



