कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

भोगनीपुर में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार किशोर की मौत,एक घायल

परिजनों में मचा कोहराम, कक्षा 8 का छात्र था मृतक किशोर, चौरा के पास हुआ हादसा

पुखरायां।कानपुर देहात में एक दर्दनाक घटना सामने आई है।भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र के झांसी कानपुर हाइवे पर चौरा गांव के निकट रविवार दोपहर सड़क हादसे में एक 15 वर्षीय छात्र की मौत हो गई जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है वहीं घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।जानकारी के मुताबिक हरचरन का पुरवा गांव निवासी गोविंद सिंह उम्र करीब 20 वर्ष और प्रहलाद उम्र करीब 15 वर्ष बाइक पर सवार होकर कालपी से भोगनीपुर की ओर जा रहे थे।तभी चौरा गांव के पास एक तेज रप्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।राहगीरों ने दोनों को आनन फानन में उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुखरायां में भर्ती कराया।जहां मौजूद चिकित्सक राजवीर ने परीक्षण उपरांत प्रहलाद को मृत घोषित कर दिया वही गोविंद सिंह की हालत गंभीर देख प्राथमिक उपचार के पश्चात जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।घटना की सूचना मिलते ही अमरौधा चौकी प्रभारी अमित पोरवाल मौके पर पहुंचे और परिजनों से घटना के बाबत जानकारी जुटाई।तत्पश्चात शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

मृतक प्रहलाद चौरा के पास स्थित हीरालालपुर इंटर कॉलेज में कक्षा 8 का छात्र था।प्रहलाद की मौत से परिजनों में शोक छाया हुआ है।मां माया देवी,बहन मोनी,सोनी,यशोदा समेत अन्य परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था।प्रभारी निरीक्षक अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।परिजनों की तहरीर पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।

Related Articles

AD
Back to top button