तबादले के बाद भी पुरानी कुर्सी पर जमे बीईओ पर गिरेगी गाज
शासन का सख्त फरमान- तत्काल कार्यमुक्त कर कराएं जॉइनिंग

राजेश कटियार, लखनऊ/कानपुर देहात। आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों और भारत निर्वाचन आयोग की सख्ती के बीच, तबादले के बावजूद नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण न करने वाले खंड शिक्षा अधिकारियों पर शासन ने शिकंजा कस दिया है। बेसिक शिक्षा विभाग ने ऐसे सभी अधिकारियों को बिना किसी हीलाहवाली के तत्काल कार्यमुक्त (रिलीव) कर नए स्थान पर कार्यभार ग्रहण कराने के सख्त आदेश जारी किए हैं।
निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने के लिए आयोग के दिशानिर्देशों के तहत विभाग ने बड़े स्तर पर तबादले किए हैं। हाल ही में 496 खंड शिक्षा अधिकारियों के स्थानांतरण आदेश जारी किए गए थे जबकि इससे पूर्व 11 सितंबर को भी 118 बीईओ का तबादला किया गया था लेकिन शासन के संज्ञान में यह गंभीर मामला आया है कि पूर्व में स्थानांतरित कई अधिकारियों ने अब तक नए कार्यस्थल पर जॉइन नहीं किया है और वे पुराने स्थान पर ही बने हुए हैं।
इस लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाते हुए बेसिक शिक्षा विभाग के संयुक्त सचिव लालमणि यादव ने अपर शिक्षा निदेशक (बेसिक) को पत्र भेजकर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पत्र में स्पष्ट कहा गया है कि चुनाव आयोग के आदेशों के अनुपालन में स्थानांतरित बीईओ को अविलंब कार्यमुक्त किया जाए। साथ ही उन्हें नए पदस्थापन स्थल पर कार्यभार ग्रहण कराकर इसकी अनुपालन आख्या से शासन को शीघ्र अवगत कराया जाए।
दरअसल भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्वाचन कार्यों से सीधे तौर पर जुड़े ऐसे सभी अधिकारियों को हटाने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं, जो एक ही स्थान या जिले में तीन साल या उससे अधिक समय से तैनात हैं। आयोग के इन्हीं मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के लिए शासन ने अब लेटलतीफी करने वाले अधिकारियों पर सख्त रुख अपनाया है।



