निजी स्कूलों की मान्यता लंबित रखने के मामले में बेसिक शिक्षा विभाग ने 28 बीएसए और 13 एडी बेसिक अधिकारियों को नोटिस किया जारी तीन दिन में मांगा स्पष्टीकरण
कानपुर नगर के मंडली सहायक शिक्षा निदेशक और बेसिक शिक्षा अधिकारी से स्पष्टीकरण तलब

राजेश कटियार, लखनऊ/कानपुर। निजी स्कूलों की मान्यता के प्रकरणों को महीनों तक लंबित रखने पर बेसिक शिक्षा विभाग ने शिक्षा अधिकारियों पर कड़ी सख्ती बरती है। विभाग ने प्रदेश भर के 28 बीएसए और 13 एडी बेसिक से स्पष्टीकरण मांगते हुए मामलों पर जल्द निर्णय लेने के निर्देश दिए हैं। वर्तमान में पूरे प्रदेश में 89 निजी स्कूलों की मान्यता से जुड़ी फाइलें एक से चार महीने तक कमेटी के पास लंबित हैं, जिनमें सबसे अधिक 22 मामले अकेले संभल जिले के हैं।
इसके अलावा लखनऊ, सीतापुर, अयोध्या, बाराबंकी, उन्नाव, मथुरा, अलीगढ़, एटा, हाथरस, कासगंज, आजमगढ़, मऊ, बस्ती, संतकबीर नगर, सिद्धार्थनगर, इटावा, महाराजगंज, कानपुर नगर, हरदोई, गौतमबुद्ध नगर, मिर्जापुर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर और गाजीपुर में भी कई मामले अटके हुए हैं।
बेसिक शिक्षा निदेशक अनिल भूषण चतुर्वेदी ने इन सभी संबंधित जिलों के बीएसए से तीन दिनों के भीतर जवाब तलब किया है, साथ ही आगरा, अलीगढ़, अयोध्या, आजमगढ़, बस्ती, गोरखपुर, कानपुर, लखनऊ, मेरठ, मिर्जापुर, मुरादाबाद, सहारनपुर और वाराणसी के 13 एडी बेसिक से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है।



