कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

अकबरपुर: संपूर्ण समाधान दिवस में गैरहाजिर अफसरों पर भड़के सीडीओ, रनिया ईओ सहित 5 का वेतन रोकने के निर्देश 

राज्य मंत्री और मुख्य विकास अधिकारी ने सुनीं 95 शिकायतें, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

कानपुर देहात। तहसील अकबरपुर में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में प्रशासनिक कड़ा रुख देखने को मिला। मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल ने बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए पांच विभागों के अधिकारियों का स्पष्टीकरण तलब करते हुए उनका वेतन बाधित करने के निर्देश दिए हैं। गैरहाजिर रहने वालों में अधिशाषी अधिकारी नगर पंचायत रनिया, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) अकबरपुर, सहायक विकास अधिकारी (सहकारी समितियां), चिकित्सा अधिकारी (आयुर्वेद यूनानी) और विकास प्राधिकरण के सहायक अभियंता शामिल हैं।

समाधान दिवस के अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी और प्रदेश सरकार की राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने जनसामान्य की समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान राजस्व, पुलिस, विकास, विद्युत और पेयजल से जुड़े कुल 95 शिकायती पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से कई का मौके पर ही निस्तारण किया गया। इनमें राजस्व विभाग की सर्वाधिक 67 शिकायतें शामिल रहीं।

राज्य मंत्री ने स्पष्ट किया कि सुशासन के संकल्प के साथ जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता पर होना चाहिए। वहीं सीडीओ ने अधिकारियों को सचेत करते हुए कहा कि जनसुनवाई में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी लंबित प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी व तहसीलदार सहित तमाम जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


ये भी पढे-  कानपुर देहात: कोल्ड ड्रिंक में शराब मिलाकर नाबालिग से दुराचार का प्रयास, साजिशकर्ता महिला और मुख्य आरोपी पुलिस कस्टडी में


Related Articles

AD
Back to top button