कानपुर देहात: सैदलीपुर में दो दिवसीय बॉलीवॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ
अकबरपुर,चौबेपुर ने जीते मैच, कल होगा फाइनल मुकाबला, खिलाड़ी होंगे पुरस्कृत
पुखरायां। भोगनीपुर तहसील क्षेत्र के सैदलीपुर गांव में शनिवार को दो दिवसीय बॉलीवॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ किया गया।यह आयोजन आदर्श बॉलीवॉल क्लब के तत्वाधान में तथा स्वर्गीय राजनारायण सचान,स्वर्गीय राजेंद्र सचान तथा स्वर्गीय अजीत सचान प्रवक्ता पटेल विद्यापीठ इंटर कॉलेज बरौर की स्मृति में आयोजित किया जा रहा है।
प्रतियोगिता का शुभारंभ पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी राम अवतार सचान ने फीता काटकर किया।प्रतियोगिता के पहले दिन आज शनिवार को ग्रामीण आंचल की कुल 24 टीमों ने प्रतिभाग किया।उद्घाटन मैच उरई व अकबरपुर टीमों के मध्य खेला गया।मुकाबले में अकबरपुर की टीम ने उरई की टीम को 21.16 तथा 21.18 से परास्त कर जीत दर्ज कराई।दूसरा मैच सैदलीपुर और चौबेपुर टीमों के मध्य खेला गया।जिसमें चौबेपुर ने सैदलीपुर को 15.11 तथा 15.09 से परास्त किया।तीसरा मैच किशोरपुर और मकरंदापुर के मध्य खेला गया।मदकरंदापुर ने किशोरपुर को 15.10 तथा 15.08 से पराजित किया।
वहीं चौथा मैच महमूदपुर और जलालपुर के मध्य खेला गया।मुकाबले में महमूदपुर ने जलालपुर को 15.07 तथा 15.06 से पछाड़ा।मैच में रेफरी की भूमिका देवेंद्र सचान,फैजान व जीशान ने निभाई।वहीं कमेंट्रेटर की भूमिका नागेश सचान,सूर्यकांत मिश्रा तथा तालिब ने,स्कोरर की भूमिका सुशील और नेता ने निभाई।कार्यक्रम के दौरान आए हुए अतिथियों का माल्यार्पण कर उनका स्वागत सम्मान किया गया।मौजूद लोगों तथा खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी राम अवतार सचान ने कहा कि खेल हमारे जीवन में बहुत ही महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।खेलों से हमारा सर्वांगीण विकास होता है।
ऐसे आयोजनों से समाज में भाईचारे की भावना पनपती है।खेल को खेल भावना से ही खेलना चाहिए।खेल में द्वेष की भावना नहीं होनी चाहिए।रविवार को प्रतियोगिता का फाइनल मैच खेला जाएगा।प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आयोजन समिति की ओर से आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे।कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षक निशांत सचान ने किया।
इस मौके पर आयोजक सुरजीत सचान,दलजीत सचान,रिटायर्ड डीएसपी अनिल सचान,विकास,कपिल,अमित टिंकू,पूर्व बॉलीवॉल खिलाड़ी देवेंद्र सचान,पूर्व ब्लॉक प्रमुख संतोष धीरज,लोकेंद्र सचान,अमरनाथ सचान,पूर्व प्रधान रवीश सचान,पूर्व शिक्षक ओमप्रकाश सचान,सालिद सिद्दीकी अध्यक्ष टाइटन क्लब समेत बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।



