अमन यात्रा लाइव: एसपी श्रद्धा पाण्डेय का बड़ा एक्शन, कानपुर देहात में 171 धार्मिक स्थलों पर पुलिस की रेड, उतरे अवैध लाउडस्पीकर
कानपुर देहात पुलिस ने 8 लाउडस्पीकर उतरवाए और 39 की कम कराई आवाज, नियमों के उल्लंघन पर दी कड़ी चेतावनी
कानपुर देहात: जनपद में ध्वनि प्रदूषण पर अंकुश लगाने और शासन के निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के नेतृत्व में आज एक बड़ा अभियान चलाया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से पूरे जिले में हड़कंप मच गया और मानकों के विपरीत बज रहे लाउडस्पीकरों पर प्रशासन का डंडा चला।
अमन यात्रा लाइव की विशेष रिपोर्ट के अनुसार पुलिस अधीक्षक के कड़े रुख को देखते हुए जनपद के सभी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों ने अपने-अपने इलाकों में मोर्चा संभाला। इस विशेष अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने जिले के कुल 171 धार्मिक और सार्वजनिक स्थलों पर सघन चेकिंग की। जांच के दौरान जहां भी ध्वनि विस्तारक यंत्र निर्धारित डेसिबल सीमा से अधिक शोर करते पाए गए वहां तत्काल कार्रवाई की गई।
पुलिस के इस बड़े एक्शन में कुल 39 स्थानों पर लाउडस्पीकरों की आवाज को मौके पर ही कम कराकर शासन के मानक के अनुरूप कराया गया। वहीं नियमों की धज्जियां उड़ा रहे 8 लाउडस्पीकरों को पुलिस ने शांतिपूर्वक वार्ता के बाद उतरवा दिया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल सांकेतिक नहीं है बल्कि सार्वजनिक शांति और जन स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए निरंतर जारी रहेगा।
एसपी श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण नियमों का सम्मान करें और आपसी सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने में खाकी का सहयोग करें। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में दोबारा नियमों का उल्लंघन पाया गया तो संबंधित प्रबंधकों के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।




