कानपुर देहातउत्तरप्रदेश

अगर एक भी मिनट लेट पहुंचे स्कूल तो गुरु जी हो जाएंगे एब्सेंट

बेसिक शिक्षा विभाग में अब शिक्षकों की लेटलतीफी नहीं चल पाएगी। जल्द ही सभी शिक्षकों को टैबलेट दिया जाएगा जिसमें प्रेरणा पोर्टल से हाजिरी ली जाएगी।

कानपुर देहात। बेसिक शिक्षा विभाग में अब शिक्षकों की लेटलतीफी नहीं चल पाएगी। जल्द ही सभी शिक्षकों को टैबलेट दिया जाएगा जिसमें प्रेरणा पोर्टल से हाजिरी ली जाएगी। खास बात यह है कि इसमें विद्यालय का यू-डायस कोड और शिक्षक की मानव संपदा आइडी दर्ज होगी। उपस्थिति दर्ज कराने के लिए शिक्षक को विद्यालय परिसर से ही सेल्फी अपलोड करनी होगी। अन्य किसी जगह से फोटो अपलोड नहीं होगी।

इसमें विद्यालय की अक्षांश और देशांतर रेखा के अनुसार यू-डायस की फीडिग की गई है। जिन जिलों में शिक्षकों को टैबलेट मिल गए हैं वहां के एक शिक्षक ने टैबलेट के द्वारा स्टाफ उपस्थित का स्क्रीनशॉट शेयर किया जिसमें स्कूल टाइम से 1 सेकंड बाद भी उपस्थिति नहीं ले रहा है। मोबाइल में नीचे लिखकर आ रहा है कि आपकी ओपनिंग उपस्थिति का समय समाप्त हो गया है। इससे यही लगता है कि टेबलेट में बहुत ही एडवांस सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल किया गया है। अब शिक्षकों को और भी अलर्ट रहने की जरूरत है और समय से पूर्व ही विद्यालय में उपस्थित होना होगा नहीं तो टैबलेट में शिक्षक की अनुपस्थिति दर्ज हो जाएगी। जनपद में जल्द ही सभी परिषदीय विद्यालयों में टैबलेट दिए जाएंगे। मिशन प्रेरणा की ऑनलाइन मानीटरिग के लिए एकेडमिक रिसोर्स पर्सन्स (एआरपी) को भी टैबलेट दिया जाएगा।

मिडडे मील में भी नहीं हो पाएगी फर्जी आंकड़ेबाजी-
अभी तक परिषदीय विद्यालयों में मिडडे मील में फर्जी आंकड़ेबाजी कर छात्र संख्या उपस्थिति से अधिक भरकर कन्वर्जन कास्ट में गोलमाल कर लिया जाता था। टैबलेट आने के बाद इस पर अंकुश लगेगा। मिडडे मील के दौरान प्रधानाध्यापक को बच्चों की फोटो अपलोड करनी होगी। यह एप स्वयं बच्चों की गिनती कर उसे पोर्टल पर दर्ज कर देगा। इसी तरह प्रार्थना सभा में भी बच्चों की फोटो अपलोड करनी होगी जिससे कि बच्चों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज हो सके।

Related Articles

AD
Back to top button