कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

9 साल के मासूम के गले पर चाकू रख करवाई लाखों की चोरी: खौफ दिखाकर ऐंठे जेवर, कानपुर देहात पुलिस ने सुनार समेत 2 को दबोचा

मासूम को दी जान से मारने की धमकी: भोगनीपुर पुलिस ने शातिर आशुतोष और सुनार ऋषभ को भेजा जेल, कर्ज चुकाने के लिए रची थी घिनौनी साजिश

पुखरायां: कानपुर देहात की भोगनीपुर थाना पुलिस ने एक सनसनीखेज और खौफनाक मामले का पर्दाफाश करते हुए 2 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक 9 वर्षीय मासूम बच्चे को जान से मारने की धमकी देकर और उसके गले पर चाकू रखकर उसके ही घर में चोरी करने पर मजबूर कर दिया था। पुलिस ने वारदात में शामिल मुख्य आरोपी और चोरी के जेवरात गलाने वाले सुनार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है

बच्चे के गले पर चाकू रख घर से चोरी करने का बनाया दबाव

मामला पुखरायाँ कस्बे के किदवई नगर का है, जहाँ के निवासी सिद्धार्थ सचान ने भोगनीपुर थाने में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित के अनुसार, आरोपी आशुतोष सचान उर्फ आशू ने उनके 9 साल के मासूम बेटे आर्यन को मृत्यु का भय दिखाया और उसके गले पर चाकू रखकर धमकाया। आरोपी ने बच्चे को खौफजदा कर उसके अपने ही घर से सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी करवा ली

कर्जा चुकाने के लिए सुनार दोस्त के साथ मिलकर बनाई योजना

पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी आशुतोष सचान (20 वर्ष) ने पूछताछ में कबूला कि उस पर कुछ लोगों का कर्जा हो गया था। कर्जा चुकाने के लिए उसने अपने सुनार साथी ऋषभ गुप्ता उर्फ गोलू (23 वर्ष) के साथ मिलकर मासूम आर्यन को डरा-धमकाकर चोरी करवाने की योजना बनाई थी। आशुतोष बच्चे से जेवर लाकर ऋषभ को देता था, जिसने सोने-चांदी को गलाकर आशुतोष को उसके हिस्से के 40 हजार रुपये दिए थे

पटेल चौक के पास से पुलिस ने दबोचा

चौकी प्रभारी पुखरायाँ सौरभ सिंह की अगुवाई वाली पुलिस टीम ने सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए दोनों वांछित अभियुक्तों आशुतोष सचान और ऋषभ गुप्ता को पटेल चौक पुखरायाँ के पास हाईवे से हिरासत में ले लिया। पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्यवाही की जा रही है


ये भी पढे-  कानपुर देहात: डेरापुर में सड़क हादसे में युवक की मौत,परिजनों में मचा कोहराम


Related Articles

AD
Back to top button