कानपुर देहात: अवैध शराब के साथ पकड़े गए आरोपी को कोर्ट ने दी अनोखी सजा, जानकर रह जाएंगे हैरान
रूरा पुलिस की प्रभावी पैरवी से आरोपी ने कबूला जुर्म, कोर्ट उठने तक मिली सजा और लगा जुर्माना

कानपुर देहात के रूरा थाना क्षेत्र में अवैध शराब की तस्करी करने वाले एक अपराधी को अदालत ने सजा सुनाई है। ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत पुलिस और अभियोजन पक्ष की प्रभावी पैरवी के चलते यह सफलता मिली है। मामला वर्ष 2023 का है, जब 27 अप्रैल को रूरा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए मोहित कुमार पुत्र श्याम बाबू निवासी ग्राम बचीत भरथू को अवैध देशी शराब के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। इस संबंध में आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया था।
मामले की जांच कर रहे विवेचक ने तत्परता दिखाते हुए सभी वैज्ञानिक और चश्मदीद साक्ष्य जुटाए और 13 मई 2023 को ही अदालत में आरोप पत्र दाखिल कर दिया था। इसके बाद कोर्ट पैरोकार और मॉनिटरिंग सेल ने लगातार गवाहों की गवाही कराई। शनिवार को एसीजेएम-01 न्यायालय में सुनवाई के दौरान जब मजबूत सबूत सामने आए, तो आरोपी मोहित कुमार ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
इसके बाद न्यायाधीश ने उसे अदालत उठने तक की सजा सुनाई और 2800 रुपये का अर्थदंड लगाया। जुर्माना न भरने पर उसे दो दिन की अतिरिक्त जेल काटनी होगी।



