कानपुर देहात: आधी आबादी को ‘खाकी’ का भरोसा, मिशन शक्ति 5.0 से महिलाओं को मिला सुरक्षा का ‘कवच’
आज जिले के विभिन्न शहरी और ग्रामीण इलाकों में पुलिस की टीमें पहुंचीं।
कानपुर देहात। महिलाओं की सुरक्षा सिर्फ एक वादा नहीं, बल्कि हकीकत बने, इसी संकल्प के साथ आज कानपुर देहात पुलिस सड़कों, बाजारों और स्कूलों में नजर आई। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में रविवार को जिले भर में मिशन शक्ति 5.0 के तहत एक व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। इसका मकसद सिर्फ जानकारी देना नहीं, बल्कि महिलाओं और बेटियों के मन से डर निकालकर उन्हें उनके अधिकारों के प्रति सशक्त बनाना था।
आज जिले के विभिन्न शहरी और ग्रामीण इलाकों में पुलिस की टीमें पहुंचीं। स्कूलों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर चौपाल लगाकर महिलाओं और छात्राओं से सीधा संवाद किया गया। पुलिसकर्मियों ने उन्हें बताया कि मुसीबत के वक्त वे अकेली नहीं हैं। उन्हें वीमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, पुलिस इमरजेंसी 112 और सीएम हेल्पलाइन 1076 जैसे सुरक्षा नंबरों की जानकारी दी गई। पुलिस ने साफ कहा कि एक कॉल पर पुलिस उनकी मदद के लिए खड़ी मिलेगी।
सिर्फ हेल्पलाइन ही नहीं, बदलते दौर में हो रहे साइबर अपराधों से बचने के तरीके भी समझाए गए। पुलिस टीम ने महिलाओं को फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग और फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट्स से सावधान रहने के टिप्स दिए और यूपीकॉप (UPCOP) ऐप के इस्तेमाल के बारे में बताया। इसके अलावा पॉक्सो एक्ट, दहेज प्रथा निषेध और घरेलू हिंसा अधिनियम जैसे कानूनों की जानकारी देकर उन्हें अपने हकों के लिए आवाज उठाने को प्रेरित किया गया। पुलिस की इस पहल से महिलाओं में एक नया आत्मविश्वास देखने को मिला।





