कानपुर देहात: डेरापुर विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय मडनापुर में धूमधाम से मना प्रवेश उत्सव
सत्र के शुरुआती दिनों में ही 9 नए दाखिलों से स्कूल प्रबंधन उत्साहित।

राजेश कटियार,कानपुर देहात। डेरापुर विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय मडनापुर में मंगलवार को वार्षिक उत्सव, नवप्रवेश उत्सव एवं विदाई समारोह का धूमधाम से आयोजन किया गया। विद्यालय में प्रवेश लेने पहुंचे नन्हें बच्चों का रोली और अक्षत लगाकर पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। इससे बच्चों और अभिभावकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
जहां एक ओर सरकारी स्कूलों में नामांकन बढ़ाने के लिए शिक्षकों को गांव-गांव जाकर प्रयास करना पड़ता है वहीं मडनापुर विद्यालय में पहली अप्रैल से अब तक 9 बच्चों का नामांकन होना एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के साथ-साथ उनके अभिभावकों को भी सम्मानित किया गया और शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला गया।
विद्यालय परिवार ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें ताकि उनका सर्वांगीण विकास हो सके। मुख्य अतिथि एनपीआरसी नोडल नोनारी दुजेन्द्र नाथ सिंह ने बच्चों को संबोधित कर उनका उत्साह वर्धन किया। इंचार्ज प्रधानाध्यापक आलोक कुमार ने बताया कक्षा 5 मे 19 बच्चे उत्तीर्ण हुए हैं जिनको अंकपत्र और स्थानांतरण प्रमाणपत्र दिया गया है। प्रथम, द्वितीय तृतीय स्थान पाकर उत्तीर्ण होने वाले छात्र छात्राओं को शील्ड देकर पुरस्कृत किया गया और उनको विदाई दी गई।
इस मौके पर विजय कुमार, सुरेश चंद्र राठौर एवं ग्राम पंचायत विसोहा के ग्राम प्रधान शिवाजी, विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष कृष्ण पाल राजपूत, वरुण बाजपेई, पल्लवी विश्वकर्मा, प्रभा सिंह सहित सैकड़ो लोग मौजूद रहे।



