कानपुर देहात: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की वोटर लिस्ट का कार्यक्रम जारी, 28 मार्च को होगा अंतिम प्रकाशन
DM कपिल सिंह ने जारी की संशोधित समय सारिणी।

कानपुर देहात : राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद कानपुर देहात में त्रिस्तरीय पंचायतों की निर्वाचक नामावलियों (वोटर लिस्ट) के वृहद पुनरीक्षण का संशोधित कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत एवं नगरीय निकाय) व जिलाधिकारी कपिल सिंह ने इस बाबत जानकारी देते हुए बताया कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए विस्तृत समय सारिणी निर्धारित की गई है।
यह है पूरी समय-सारिणी: जिलाधिकारी ने बताया कि आयोग द्वारा निर्दिष्ट कार्यक्रम के अनुसार प्रक्रिया निम्न चरणों में पूरी की जाएगी:
-
07 जनवरी से 20 फरवरी 2026 तक: दावे और आपत्तियों के निस्तारण के बाद हस्तलिखित पाण्डुलिपियां तैयार करना और डुप्लीकेट मतदाताओं का सत्यापन व निस्तारण।
-
21 फरवरी से 16 मार्च 2026 तक: पूरक सूचियों का कंप्यूटरीकरण, उन्हें मूल सूची में शामिल करना और मतदान केंद्रों/स्थलों का निर्धारण।
-
17 मार्च से 27 मार्च 2026 तक: मतदान केंद्रों का क्रमांकन, वार्डों की मैपिंग, मतदाता क्रमांकन और फाइनल सूची की डाउनलोडिंग व फोटो प्रतियां तैयार करना।
-
28 मार्च 2026: निर्वाचक नामावलियों का जनसामान्य के लिए अंतिम प्रकाशन।
छुट्टी के दिनों में भी खुले रहेंगे कार्यालय: डीएम कपिल सिंह ने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इस कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुनरीक्षण कार्य के दौरान पड़ने वाले सार्वजनिक अवकाशों में भी संबंधित कार्यालय खुले रहेंगे। कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करना अनिवार्य होगा और किसी भी परिस्थिति में समय सीमा नहीं बढ़ाई जाएगी।



