कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात: नवागत CDO विधान जायसवाल ने संभाली कमान, कुर्सी संभालते ही विकास भवन में मचा हड़कंप

कार्यभार ग्रहण करते ही कार्यालयों का औचक निरीक्षण, फाइलों के रखरखाव और सफाई को लेकर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

कानपुर देहात। जनपद के विकास कार्यों को नई गति देने के लिए नवागत मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल ने मंगलवार को अपना कार्यभार संभाल लिया। कार्यभार ग्रहण करने के साथ ही वह फुल एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने विकास भवन स्थित विभिन्न कार्यालयों और अनुभागों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने साफ कर दिया कि सरकारी कार्यों में लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सीडीओ विधान जायसवाल ने निरीक्षण के दौरान विभिन्न शाखाओं में जाकर अभिलेखों के संधारण और फाइलों की स्थिति को देखा। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी सरकारी दस्तावेज सुव्यवस्थित होने चाहिए और हर कार्य तय समय सीमा के भीतर पूरा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों और जनहित से जुड़ी योजनाओं में पारदर्शिता बनाए रखना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।

कार्यालयों का जायजा लेने के बाद उन्होंने ग्रामीण विकास से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में उन्होंने शासन की प्राथमिकताओं को गिनाते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने लक्ष्यपूर्ति में गुणवत्ता और नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश देते हुए कहा कि अधिकारी आपसी समन्वय के साथ काम करें ताकि जनपद का समग्र विकास हो सके।

मुख्य विकास अधिकारी ने विकास भवन में साफ-सफाई, अनुशासन और कर्मचारियों के समय पालन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट लहजे में कहा कि आम जनता की शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर और तुरंत होना चाहिए। नवागत सीडीओ की इस सक्रियता को देखकर विकास भवन के अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति बनी रही। उन्होंने सभी से पूरी प्रतिबद्धता के साथ जिले के विकास में जुटने की अपेक्षा जताई है।

ये भी पढ़े- कानपुर: ‘वो मेरा बाबू है…’ बॉयफ्रेंड के लिए बीच सड़क पर दे दना दन, बाल पकड़कर घसीटा और बरसाए 11 थप्पड़

Related Articles

AD
Back to top button