कानपुर: ‘वो मेरा बाबू है…’ बॉयफ्रेंड के लिए बीच सड़क पर दे दना दन, बाल पकड़कर घसीटा और बरसाए 11 थप्पड़
नौबस्ता में 'अभिषेक' के प्यार में जंग, लेडी डॉन बन बरसाया कहर, पुलिस चौकी के पास हुआ हाईवोल्टेज ड्रामा
कानपुर: यूपी के कानपुर में प्यार का एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जहां एक लड़के के लिए दो लड़कियों ने बीच सड़क पर महाभारत छेड़ दी। नौबस्ता इलाके में हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि कैसे इश्क का नशा सिर चढ़कर बोला और बात लात-घूंसों तक आ पहुंची। हैरानी की बात यह है कि जहां यह ‘फ्री स्टाइल फाइट’ चल रही थी, वहां से पुलिस चौकी चंद कदमों की दूरी पर है, लेकिन खाकी को इसकी भनक तक नहीं लगी।
वायरल हो रहे वीडियो में सफेद कपड़े पहने एक लड़की का रौद्र रूप देखने को मिला। वह दूसरी लड़की पर कहर बनकर टूट पड़ी। उसने न केवल दूसरी युवती को सड़क पर पटक दिया, बल्कि उसके बाल पकड़कर जानवरों की तरह घसीटा। चश्मदीदों के मुताबिक हमलावर लड़की ने ताबड़तोड़ 11 थप्पड़ जड़ दिए। जब पीड़ित लड़की जमीन पर गिर गई, तो हमलावर ने उसके सीने और सिर पर लात-घूसे बरसाने में भी कोई कसर नहीं छोड़ी।
वीडियो में गूंज रही आवाजों ने इस लड़ाई की असल वजह खोल दी है। हमलावर लड़की चिल्ला-चिल्लाकर कह रही थी कि अभिषेक को तूने छोड़ा था, अब जब वह मेरा हो गया है तो तू उसे बाबू क्यों बोल रही है। तू उसे स्काई लॉन में मिलने के लिए क्यों बुला रही थी। पिट रही लड़की बार-बार गिड़गिड़ाती रही, पैर पकड़कर माफी मांगती रही, लेकिन प्यार में जलन की मारी दूसरी लड़की का गुस्सा सातवें आसमान पर था।
शर्मनाक पहलू यह रहा कि इस पूरे तमाशे को रिकॉर्ड करने वाली भी एक लड़की ही थी, जो पीटने वाली की सहेली बताई जा रही है। उसने भी मौका पाकर पीड़ित को पैर से मारा। वहां मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे और कोई भी बीच-बचाव करने की हिम्मत नहीं जुटा पाया। पीड़ित लड़की मदद की गुहार लगाती रही, पर सब वीडियो बनाने में व्यस्त थे।
पुलिस ने अब इस मामले में अपनी चुप्पी तोड़ी है। डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि वीडियो उनके संज्ञान में आ गया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि लड़कियां बर्रा इलाके की रहने वाली हैं। पुलिस अब उस ‘अभिषेक’ और मारपीट करने वाली लड़कियों की तलाश में जुटी है ताकि मामले की तह तक जाया जा सके।
ये भी पढ़े- कानपुर देहात: भीषण ठंड में जिला चिकित्सालय पहुंचीं जिला पंचायत सदस्य सीमा संखवार



