कानपुर देहातशिक्षा

कानपुर देहात: परिषदीय स्कूलों में 16 मई को मनाया जाएगा राष्ट्रीय डेंगू दिवस

राष्ट्रीय डेंगू दिवस के अवसर पर जिलेभर में जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

राजेश कटियार, कानपुर देहात। जिले में 16 मई को राष्ट्रीय डेंगू दिवस मनाया जाएगा। इस वर्ष राष्ट्रीय डेंगू दिवस की थीम जनभागीदारी डेंगू नियंत्रण हेतु जांच करें, सफाई रखें और ढककर रखें निर्धारित की गई है। राष्ट्रीय डेंगू दिवस के अवसर पर जिलेभर में जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

नगर निकायों के सहयोग से आमजन, शैक्षणिक संस्थानों, अस्पतालों, स्वास्थ्य कर्मियों एवं अन्य स्टेक होल्डर्स को डेंगू की रोकथाम एवं नियंत्रण के प्रति जागरूक किया जाएगा। इस बाबत बेसिक शिक्षा अधिकारी अजय कुमार मिश्रा ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं। अन्य विभागों के अधिकारियों ने भी अपने-अपने संबंधित को आदेश जारी किए हैं। स्कूलों में रैलियाँ, पोस्टर मेकिंग, स्लोगन लेखन और वाद-विवाद प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएँगी। छात्रों और अन्य लोगों को यह बताया जाएगा कि कूलर, टायर और अन्य बर्तनों में जमा पानी को कैसे साफ करें ताकि मच्छर न पनपें। छात्रों और शिक्षकों को डेंगू की रोकथाम के लिए स्वच्छता शपथ भी दिलाई जाएगी।

विभिन्न विभागों के समन्वय से सोर्स रिडक्शन गतिविधियां संचालित कर मच्छरों के प्रजनन स्थलों को नष्ट करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। आमजन को घरों एवं आसपास साफ-सफाई रखने, पानी की टंकियों, कूलरों एवं अन्य जल पात्रों को ढककर रखने तथा जलभराव नहीं होने देने के लिए प्रेरित किया जाएगा। डेंगू से बचाव में जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने घर और आसपास स्वच्छता बनाए रखे तथा मच्छरों को पनपने से रोके तो डेंगू जैसी बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।

 


ये भी पढे-  खुशखबरी: भुर्जी समाज के कारीगरों को मिलेगी मुफ्त पॉपकॉर्न मेकिंग मशीन, ऐसे करें आवेदन


 

Related Articles

AD
Back to top button