खुशखबरी: भुर्जी समाज के कारीगरों को मिलेगी मुफ्त पॉपकॉर्न मेकिंग मशीन, ऐसे करें आवेदन
30 मई 2026 तक ऑनलाइन और ऑफलाइन जमा किए जा सकते हैं आवेदन।

- 18 से 50 वर्ष की आयु के पात्र कारीगर ही उठा सकेंगे योजना का लाभ।
कानपुर देहात के उन कारीगरों के लिए बेहतरीन मौका है जो स्वरोजगार के जरिए आत्मनिर्भर बनना चाहते हैं। उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा संचालित टूलकिट वितरण योजना के तहत जनपद में भुर्जी समाज और इस उद्योग में रुचि रखने वाले कारीगरों को निःशुल्क पॉपकॉर्न मेकिंग मशीनें दी जाएंगी। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जिला ग्रामोद्योग कार्यालय ने इसके लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं, जिसमें कुल 08 मशीनों का वितरण किया जाना है।
आवेदन की प्रक्रिया और अंतिम तिथि
इच्छुक लाभार्थी उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.upkvib.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पोर्टल पर ‘ऑन-लाइन टूलकिट्स पंजीकरण एवं आवंटन’ का विकल्प चुनकर पंजीकरण करना होगा। ऑनलाइन आवेदन के बाद उसकी प्रति 30 मई 2026 तक किसी भी कार्यदिवस में जिला ग्रामोद्योग अधिकारी कार्यालय, चिटिकपुर, रनियाँ, कानपुर देहात में जमा करनी होगी। लाभार्थियों का चयन एक निर्धारित समिति के माध्यम से पारदर्शिता के साथ किया जाएगा।
पात्रता और जरूरी दस्तावेज
इस योजना का लाभ उठाने के लिए आवेदक की आयु 18 से 50 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आवेदक को संबंधित उद्योग का पारंपरिक कारीगर होना अनिवार्य है। आवेदन के लिए निम्नलिखित दस्तावेजों की आवश्यकता होगी:
-
आधार कार्ड और मोबाइल नंबर
-
जाति प्रमाण-पत्र
-
शैक्षिक योग्यता प्रमाण-पत्र
-
बैंक पासबुक की छायाप्रति
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी अखिलेश कुमार अग्निहोत्री ने बताया कि जिन आवेदकों के पास संबंधित कार्य का प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र होगा, उन्हें चयन प्रक्रिया में वरीयता दी जाएगी। यह योजना ग्रामीण स्तर पर लघु उद्योगों को बढ़ावा देने और कारीगरों को आधुनिक संसाधनों से जोड़ने की एक महत्वपूर्ण पहल है।
ये भी पढे- कानपुर देहात: सिकंदरा में विद्युत पोल कर कार्य कर रहे लाइनमैन की करंट की चपेट में आकर दर्दनाक मौत



