कानपुर देहात पुलिस का डबल अटैक: रूरा में अवैध शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार, तो जिले भर में 15 हुड़दंगियों का चालान
जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात के सख्त निर्देशों का असर शनिवार को जमीन पर साफ दिखाई दिया।

कानपुर देहात: जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात के सख्त निर्देशों का असर शनिवार को जमीन पर साफ दिखाई दिया।
13 दिसंबर 2025 को चलाए गए विशेष अभियान के तहत पुलिस ने जहां अवैध शराब के कारोबार पर चोट की, वहीं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए असामाजिक तत्वों पर भी नकेल कसी है।
रूरा थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए ग्राम गहोलिया निवासी किशन को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 23 वर्षीय आरोपी किशन पुत्र सुभाष सिंह के कब्जे से 20 क्वार्टर अवैध देशी शराब बरामद की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई पूरी की है।
अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई के साथ ही जनपद पुलिस ने शांति व्यवस्था को चुनौती देने वाले तत्वों के खिलाफ भी कड़ा रुख अपनाया है। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस ने कुल 15 लोगों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170, 126 और 135 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की है। इस विशेष अभियान में शिवली थाना पुलिस ने सबसे अधिक सख्ती दिखाते हुए 6 व्यक्तियों का चालान किया।
इसके अलावा सिकंदरा और बरौर थाना पुलिस ने 3-3 व्यक्तियों, रूरा पुलिस ने 2 और मंगलपुर पुलिस ने 1 व्यक्ति के खिलाफ शांति भंग की आशंका में कार्रवाई की है। पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से जिले में अराजक तत्वों में हड़कंप मचा हुआ है।



