कानपुर देहात: भूमि विकास बैंक चुनाव में भाजपा का दबदबा, चारों सीटों पर जीत तय
विपक्ष की ओर से कोई नामांकन न होने के कारण अब इन सभी सीटों पर भाजपा की जीत सुनिश्चित मानी जा रही है।

कानपुर देहात में सहकारी ग्राम विकास बैंक (भूमि विकास बैंक) के अध्यक्ष पद के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने एकतरफा बढ़त बना ली है। जनपद की चारों महत्वपूर्ण शाखाओं—अकबरपुर, झींझक, डेरापुर और अमरौधा में केवल भाजपा प्रत्याशियों ने ही नामांकन दाखिल किया है। विपक्ष की ओर से कोई नामांकन न होने के कारण अब इन सभी सीटों पर भाजपा की जीत सुनिश्चित मानी जा रही है।
नामांकन प्रक्रिया के दौरान अकबरपुर से रामराज द्विवेदी, अमरौधा से कमलेश पाल, झींझक से विनोद दुबे और डेरापुर से महेश भदौरिया ने अपने-अपने विकासखंडों में पर्चे दाखिल किए। इस अवसर पर पार्टी के विधायक, पूर्व मंत्री और भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने ढोल-नगाड़ों के साथ अपनी खुशी का इजहार किया।
निर्विरोध निर्वाचन की ओर भाजपा प्रत्याशी
चारों सीटों पर एकल नामांकन होने से चुनावी तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई है। अकबरपुर में राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला और डॉ. सतीश शुक्ला की मौजूदगी में नामांकन हुआ, वहीं अमरौधा में पूर्व मंत्री सतीश पाल समर्थकों के साथ पहुंचे। झींझक में विधायक पूनम संखवार और डेरापुर में महेश भदौरिया के समर्थन में कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ा। जिला अध्यक्ष रेणुका सचान के अस्वस्थ होने के चलते सभी प्रत्याशियों ने उनके आवास पर पहुंचकर उनका आशीर्वाद लिया और जीत के लिए आभार व्यक्त किया।



