कानपुर देहात: मिट्टी डालने के विवाद में अपनों ने ही अपनों को पीटा, चचेरे भाइयों पर एनसीआर दर्ज
थाना प्रभारी धीरेंद्र सिंह के निर्देश पर एनसीआर दर्ज कर जांच शुरू।

कानपुर देहात के डेरापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बिरिया बड़ी गांव में मिट्टी डालने के मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गांव में सगे चचेरे भाइयों ने मिलकर एक युवक और उसकी मां पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस मारपीट में मां-बेटा दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने गैर-संज्ञेय अपराध (एनसीआर) दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
बड़ी बिरिया निवासी पीड़ित भान सिंह पुत्र जगत सिंह ने डेरापुर थाने में लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया कि 25 जून को दोपहर करीब एक बजे उनके चाचा के लड़के सौरभ, अनुज और शिशुपाल घर के पास मिट्टी डाल रहे थे। जब भान सिंह ने उन्हें रोका और पहले से खोदी गई मिट्टी को भरने की बात कही, तो आरोपी भड़क गए और गाली-गलौज करने लगे।
पीड़ित का आरोप है कि जब उसने गाली देने का विरोध किया, तो तीनों आरोपियों ने मिलकर उसे बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। चीख-पुकार सुनकर जब भान सिंह की मां बीच-बचाव करने मौके पर पहुंची, तो हमलावरों ने उन्हें भी नहीं बख्शा। आरोपियों ने मां के साथ भी जमकर मारपीट की, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
घटना के तुरंत बाद लहूलुहान हालत में पीड़ित अपनी मां को लेकर थाने पहुंचा। पुलिस ने तत्काल दोनों घायलों को अस्पताल भेजकर उनका चिकित्सीय परीक्षण (मेडिकल) कराया। इस संबंध में डेरापुर थाना प्रभारी धीरेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित से प्राप्त तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में एनसीआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढे- टीईटी प्रमाण पत्र के बगैर क्या गुणवत्तापरक शिक्षा नहीं दी जा सकती



