कानपुर देहात: मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में उमड़ा मरीजों का रेला, 1931 लोगों का हुआ मुफ्त इलाज
32 नए गोल्डन कार्ड बनाए गए, 45 गर्भवती महिलाओं की हुई जांच।

कानपुर देहात। जनपद में रविवार को 30 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित 246वें मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में स्वास्थ्य सेवाओं की गंगा बही। 01 शहरी और 29 ग्रामीण केंद्रों पर लगे इस मेले में कुल 1931 मरीजों ने पहुंचकर अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया और निशुल्क दवाओं का लाभ लिया। मेले की कमान 64 चिकित्सकों और 133 पैरामेडिकल स्टाफ ने संभाली, जिन्होंने सुबह से ही मरीजों की सेवा में सक्रियता दिखाई।
725 मरीजों की हुई स्क्रीनिंग और 32 आयुष्मान कार्ड जारी
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, मेले में आए कुल मरीजों में 899 पुरुष, 792 महिलाएं और 240 बच्चे शामिल रहे। कोविड हेल्प डेस्क पर 725 मरीजों की प्रारंभिक स्क्रीनिंग की गई, हालांकि कोई भी संदिग्ध मरीज नहीं पाया गया। इसी दौरान सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत 32 पात्र लाभार्थियों के ‘गोल्डन कार्ड’ (आयुष्मान कार्ड) भी मौके पर बनाए गए।
मौसमी बीमारियों और जीवनशैली से जुड़े रोगों का दिखा असर
मेले में आए मरीजों में मौसमी बीमारियों का असर साफ दिखाई दिया। 157 मरीज बुखार के मिले, जिनमें से 59 की मलेरिया और 08 की डेंगू जांच कराई गई, राहत की बात यह रही कि सभी रिपोर्ट निगेटिव आईं। इसके अलावा सर्दी-जुकाम के 103, पेट रोग के 164 और त्वचा रोग के सर्वाधिक 230 मरीज उपचार के लिए पहुंचे। गैर-संचारी रोगों में 75 मरीज मधुमेह और 64 मरीज उच्च रक्तचाप के चिन्हित किए गए। नेत्र परीक्षण डेस्क पर 58 लोगों की आंखों की जांच हुई, जबकि 215 लोगों को तंबाकू और धूम्रपान छोड़ने का संकल्प दिलाया गया।
उच्चाधिकारियों ने केंद्रों पर पहुंचकर परखी व्यवस्थाएं
मेले की पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखने के लिए जिले के आला अधिकारियों ने विभिन्न केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. ए.के. सिंह ने बड़ागाँव भिक्खी, बनीपारा और नोनारी केंद्रों का जायजा लिया। वहीं, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.एल. वर्मा ने सरवनखेड़ा, रनिया और गुजराई का निरीक्षण किया। अन्य केंद्रों पर भी उप मुख्य चिकित्सा अधिकारियों और चिकित्सा अधीक्षकों ने पहुंचकर व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखा।
ये भी पढ़े- कानपुर देहात: बीजेपी में ‘बगावत’ की ज्वाला रसूलाबाद में कार्यकर्ताओं का खुला विद्रोह



