कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर: प्यार में मिला दर्द या मौत की साजिश? घाटमपुर में कोटेदार के बेटे ने सुसाइड नोट लिखकर लगाई फांसी, प्रेमिका के परिजनों पर पिटाई का आरोप

प्रेम प्रसंग के चलते युवती के परिजनों पर मारपीट का लगा गंभीर आरोप।

कानपुर के घाटमपुर अंतर्गत सजेती थाना क्षेत्र के कोटरा गांव में आज रविवार की सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 19 वर्षीय युवक ने प्रेम प्रसंग में विफलता और प्रताड़ना से तंग आकर फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। युवक की मौत की खबर फैलते ही पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्रेमिका के परिजनों पर पिटाई का आरोप

कोटरा गांव निवासी राशन कोटेदार रामराज संखवार का बेटा शनि (19 वर्ष) गांव की ही एक युवती से प्रेम करता था। परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, इस प्रेम संबंध को लेकर युवती के घर वाले काफी नाराज थे। आरोप है कि शनि की दो बार बेरहमी से पिटाई भी की गई थी, ताकि वह युवती से दूरी बना ले। बावजूद इसके शनि अपने प्यार को लेकर अडिग था, लेकिन अंदरूनी तौर पर वह अपमान और मारपीट से गहरे तनाव में था।

सुसाइड नोट में बयां किया अपना दर्द

रविवार की सुबह जब घर के अन्य सदस्य अपने रोजमर्रा के कामों में व्यस्त थे, तभी शनि ने कमरे के अंदर छत की धन्नी के सहारे फांसी लगा ली। जब काफी देर तक कोई हलचल नहीं हुई, तो परिजनों ने कमरे में जाकर देखा, जहां शनि का शव फंदे से लटक रहा था। सूचना पर पहुंची सजेती पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। तलाशी के दौरान मृतक की जेब से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें उसने लिखा है कि वह इस जन्म में अपने प्यार को पाने में सफल नहीं हो सका, इसलिए अपनी जान दे रहा है।

पुलिस जांच और पोस्टमार्टम की कार्रवाई

सजेती पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हालांकि पुलिस ने अभी सुसाइड नोट की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और सुसाइड नोट की जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़े- सावधान! कानपुर देहात में ‘लू’ का रेड अलर्ट: एडीएम ने जारी की सख्त एडवाइजरी, भूलकर भी न करें ये गलतियां

Related Articles

AD
Back to top button