कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात में अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, 10 चोरी की बाइक व लोडर संग 6 शातिर गिरफ्तार

सिकंदरा पुलिस टीम के अधिकारियों व जवानों की सराहनीय भूमिका

कानपुर देहात: जनपद के थाना सिकंदरा पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम ने अपराध नियंत्रण अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। संयुक्त टीम ने मानपुर पुल अंडरपास के पास चेकिंग के दौरान एक अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह के 6 शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर 10 चोरी की मोटरसाइकिलें, घटना में इस्तेमाल एक बजाज मैक्सिमा लोडर, 6 मोबाइल फोन और नगदी बरामद की है।

मामला तब सामने आया जब मानपुर अंडरपास के पास चेकिंग कर रही पुलिस टीम को देखकर दो बाइकों पर सवार चार युवक भागने लगे। संदिग्ध लगने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया। वाहनों के दस्तावेज न दिखा पाने पर कड़ाई से पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम कुनाल पाल, कसीम, साहिबे आलम उर्फ शिब्बू और रमजान अली बताया।

गहन पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे चोरी की गाड़ियों को छुपाने और उनके पार्ट्स बदलने का काम अपने साथी मुन्ना उर्फ हसनैन (मैकेनिक) और शेर सिंह उर्फ शेरू (कबाड़ी) के साथ मिलकर करते थे। पुलिस ने सिकंदरा में सर्विस रोड किनारे स्थित प्लॉट पर छापा मारकर लोडर पर लदी दो बाइक और बेसमेंट में खड़ी 6 अन्य चोरी की बाइकें बरामद कीं।

जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य मास्टर चाबी से वाहन चुराते थे। इसके बाद मैकेनिक मुन्ना चोरी की गाड़ियों के इंजन और अहम पार्ट्स दूसरी गाड़ियों में बदल देता था, जबकि कबाड़ी शेरू अपने लोडर से इन्हें ठिकाने लगाने और बेचने का काम करता था। बरामद 10 मोटरसाइकिलों में से दो गाड़ियां थाना सिकंदरा से दर्ज मुकदमों से संबंधित पाई गई हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।

कानपुर देहात सिकंदरा पुलिस टीम और गिरफ्तार 6 वाहन चोर

सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम

इस सफल कार्रवाई में थाना सिकंदरा पुलिस के निरीक्षक अपराध सुधाकर सिंह, चौकी प्रभारी रसधान उपनिरीक्षक प्रशांत कुमार, हेड कांस्टेबल रूप सिंह, कांस्टेबल केरन प्रताप सिंह, कांस्टेबल प्रताप सिंह, रिक्रूट कांस्टेबल सचिन, रिक्रूट कांस्टेबल भुवनेश, रिक्रूट कांस्टेबल अरुण व रिक्रूट कांस्टेबल गौरव तथा एसओजी व सर्विलांस टीम की मुख्य भूमिका रही।


ये भी पढे-  कानपुर देहात में अधेड़ की संदिग्ध मौत मामले में नया मोड


Related Articles

AD
Back to top button