कानपुर देहात में करंट की चपेट में आकर युवक की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
कानपुर देहात के भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र के जुनेदपुर गांव में गुरुवार को करंट की चपेट में आकर एक छात्र की मौत हो गई

पुखरायां।कानपुर देहात के भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र के जुनेदपुर गांव में गुरुवार को करंट की चपेट में आकर एक छात्र की मौत हो गई।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अग्रिम कार्यवाही में जुट गई है।मृतक की पहचान कुंवरलाल के 19 वर्षीय पुत्र अंकित के रूप में हुई है।प्राप्त जानकारी के मुताबिक अंकित सुबह करीब 9 बजे अपने गेहूं के खेत में नलकूप से सिंचाई कर रहा था।इसी दौरान खेतों के पास स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय की ओर जा रही विद्युत लाइन का तार टूटकर अचानक उसके ऊपर गिर गया।जिसकी चपेट में आकर अंकित की मौत हो गई।जब काफी देर तक वह घर वापस नहीं लौटा तो परिजन खेत पर पहुंचे।जहां अंकित का शव पड़ा हुआ था और पूरे शरीर में बिजली का तार लिपटा हुआ था।परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर गए।जहां मौजूद चिकित्सक ने परीक्षण उपरांत मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी एस आई अतेंद्र कुमार ने मौके पर पहुंचकर जांच की।तत्पश्चात शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।अंकित यादव खेतीबाड़ी का काम करता था और पढ़ाई के साथ परिवार का सहारा भी था।बड़े भाई मदन और बहनें पूजा,सपना,मां उषा देवी,पिता कुंवरलाल समेत परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था।ग्रामीणों ने इस घटना के लिए बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही तथा परिवार को उचित मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है।चौकी प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।मामले की जांच की जा रही है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।



