उत्तरप्रदेश

कानपुर देहात में नारी शक्ति का शंखनाद: प्रभारी मंत्री संजय निषाद बोले- विपक्ष ने किया महिलाओं के साथ विश्वासघात!

अमित शाह के बयान का हवाला देते हुए परिसीमन और आरक्षण पर विपक्ष के झूठ को किया उजागर।

कानपुर देहात। भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित ‘जन आक्रोश महिला सम्मेलन’ शुक्रवार को अकबरपुर स्थित हिंदी भवन में भव्य रूप से संपन्न हुआ। इस सम्मेलन के माध्यम से भाजपा ने महिला आरक्षण और विपक्षी दलों के ‘महिला विरोधी’ आचरण को लेकर जमकर हमला बोला। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रदेश के कैबिनेट मंत्री व जनपद के प्रभारी मंत्री संजय निषाद, जिला अध्यक्ष रेणुका सचान और राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने महापुरुषों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया।

विपक्ष की महिला विरोधी सोच उजागर: संजय निषाद

सम्मेलन को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने कहा कि भाजपा महिलाओं को नीति निर्माण में बराबर की भागीदारी देने के लिए कटिबद्ध है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, “संसद में विपक्षी गठबंधन का अमर्यादित आचरण उनकी महिला विरोधी मानसिकता को दर्शाता है। कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने दशकों तक महिलाओं के अधिकारों को बंधक बनाए रखा है। महिला आरक्षण बिल उनका स्वाभाविक अधिकार है, उपकार नहीं।”

पुतला दहन और विशाल पदयात्रा: ‘कांग्रेस का हाथ, नारी शक्ति के खिलाफ’

सम्मेलन के पश्चात हिंदी भवन से एक विशाल ‘जन आक्रोश महिला पदयात्रा’ निकाली गई। इसमें चारों विधानसभाओं से आई भारी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया। हाथों में ‘कांग्रेस का हाथ नारी शक्ति के खिलाफ’ लिखी तख्तियां लेकर महिलाओं ने विपक्षी दलों के विरुद्ध जोरदार नारेबाजी की। पदयात्रा के बाद जिला अध्यक्ष रेणुका सचान की अगुवाई में कांग्रेस एवं विपक्षी पार्टियों का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया गया।

तुष्टीकरण की राजनीति कर रहा विपक्ष: प्रतिभा शुक्ला

राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि समाजवादी पार्टी जैसे दल ‘कोटा के भीतर कोटा’ और धर्म आधारित आरक्षण की असंवैधानिक मांग उठाकर प्रक्रिया को टालने की कोशिश कर रहे हैं। यह केवल तुष्टीकरण और ध्यान भटकाने का बहाना है। वहीं जिला अध्यक्ष रेणुका सचान ने कहा कि आने वाले चुनाव में महिलाओं के आक्रोश का खामियाजा विपक्ष को भुगतना पड़ेगा।

aman yatra
Author: aman yatra

Related Articles

AD
Back to top button