कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़: दो जांबाज सिपाही घायल, पैर में गोली लगने से धरा गया शातिर चोर

जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार तड़के भोगनीपुर पुलिस और शातिर बदमाशों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हो गई।

भोगनीपुर, कानपुर देहात। जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार तड़के भोगनीपुर पुलिस और शातिर बदमाशों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हो गई। पुखरायां-अस्तिया रोड पर हुई इस फायरिंग में दो हेड कांस्टेबल गोली लगने से घायल हो गए, वहीं जवाबी कार्यवाही में एक बदमाश के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने घेराबंदी कर दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे।

मुखबिर की सूचना पर हुई घेराबंदी

पुलिस अधीक्षक के निर्देशों पर अपराध रोकथाम के लिए तैनात भोगनीपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चोरी की फिराक में कुछ संदिग्ध दो बाइकों पर सवार होकर जा रहे हैं। पुलिस ने जब पीछा किया, तो बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग झोंक दी। इस हमले में हेड कांस्टेबल अभय प्रताप सिंह और हेड कांस्टेबल पवन कुमार यादव गोली लगने से लहूलुहान हो गए।

जवाबी फायरिंग में घायल हुआ हिस्ट्रीशीटर

पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश राजन उर्फ उदयवीर के पैर में गोली लगी और वह वहीं गिर पड़ा। पुलिस ने उसे और उसके साथी शिवा को मौके से दबोच लिया। तलाशी के दौरान इनके पास से एक अवैध तमंचा, कई जिंदा व खोखा कारतूस, एक रेडमी मोबाइल और चोरी में इस्तेमाल होने वाली लाल रंग की यामाहा FZ-S बाइक (UP78GJ1302) बरामद हुई है। घायल पुलिसकर्मियों और अभियुक्त को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी पुखरायां भेजा गया है।

बंद मकानों की रेकी कर देते थे वारदात को अंजाम

पूछताछ में सामने आया कि यह गिरोह बंद पड़े मकानों की रेकी करता था और फिर वहां चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। गिरफ्तार अभियुक्त राजन का लंबा आपराधिक इतिहास है, जिस पर कानपुर नगर के जीआरपी थाने में गैंगस्टर एक्ट सहित करीब 9 गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस अब फरार हुए तीन अन्य बदमाशों की तलाश में सघन छापेमारी कर रही है।

Amanyatralive विशेष:

गिरफ्तार: राजन उर्फ उदयवीर (मऊखास) और शिवा।

बरामदगी: तमंचा, कारतूस, यामाहा बाइक और नकदी।

घायल: हेड कांस्टेबल अभय प्रताप और पवन कुमार यादव।

 

Related Articles

AD
Back to top button