कानपुर देहात में होमगार्ड भर्ती परीक्षा की सुरक्षा चाक चौबंद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने खुद संभाली कमान
उत्तर प्रदेश होमगार्ड एनरोलमेंट भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन मुस्तैद

कानपुर देहात में आज उत्तर प्रदेश होमगार्ड एनरोलमेंट पदों की सीधी भर्ती 2025 के अंतर्गत लिखित परीक्षा का आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए जिले के आला अधिकारी जमीन पर उतरे। जिलाधिकारी कपिल सिंह और पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय ने संयुक्त रूप से विभिन्न परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता को बारीकी से परखा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की सुचिता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। इसी क्रम में केंद्र पर मौजूद फायर फाइटिंग उपकरणों की उपलब्धता और प्रवेश व निकास द्वारों पर बनाए गए चेकिंग पॉइंट्स का भी गहन जायजा लिया गया। अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए वहां उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं को भी देखा गया।
पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों के बाहर और आसपास यातायात व्यवस्था दुरुस्त रहे ताकि अभ्यर्थियों को आवागमन में कोई समस्या न आए। ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को निर्देशित किया गया कि वे हर गतिविधि पर पैनी नजर रखें और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने में सहयोग करें।
ये भी पढे- कानपुर देहात में गुमशुदा बालक सकुशल बरामद



