कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात: यातायात निरीक्षक ने स्कूली वाहनों की ली सुध, नन्हे मुन्नों को सिखाए सुरक्षा के गुर

फिटनेस, अग्निशमन यंत्र और फर्स्ट एड किट की कमी पर चालान।

​सरवनखेड़ा: कानपुर देहात में सड़क सुरक्षा अभियान के अंतर्गत गुरुवार को यातायात विभाग पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आया। यातायात निरीक्षक विवेक सिंह यादव के नेतृत्व में टीम ने स्कूली वाहनों की बारीकी से जांच की। सुबह स्कूलों के समय पर ही टीम ने गजनेर नबीपुर और सरवनखेड़ा चौराहों सहित स्कूल परिसरों के आसपास मोर्चा संभाल लिया। इस कार्रवाई से नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।

अभियान के दौरान दर्जनों स्कूल बसों और वैनों को रोककर उनकी फिटनेस जांची गई। निरीक्षक विवेक सिंह यादव ने स्वयं वाहनों के अंदर जाकर अग्निशमन यंत्र और फर्स्ट एड किट की उपलब्धता देखी। इसके अलावा चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस और पुलिस वेरिफिकेशन के दस्तावेजों की भी जांच की गई। जिन वाहनों में क्षमता से अधिक बच्चे बैठे मिले या सुरक्षा उपकरण गायब थे, उनके खिलाफ तत्काल चालान की कार्रवाई की गई।

चेकिंग के दौरान एक भावनात्मक दृश्य भी देखने को मिला। विवेक सिंह यादव ने बच्चों के बीच पहुंचकर उनसे सीधा संवाद किया और उन्हें चॉकलेट बांटी। उन्होंने बच्चों को समझाया कि बस से हाथ बाहर निकालना खतरनाक हो सकता है और हमेशा कतार में ही बस में चढ़ना चाहिए। उन्होंने बच्चों को घर जाकर अपने अभिभावकों को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करने की सीख भी दी।

यातायात निरीक्षक ने स्पष्ट किया कि बच्चों की जान के साथ कोई भी समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्कूल प्रबंधन को निर्देशित किया कि वे केवल मानकों पर खरे उतरने वाले वाहनों का ही उपयोग करें। साथ ही अभिभावकों से अपील की गई कि वे जिस निजी वाहन से बच्चों को भेज रहे हैं, उसकी फिटनेस और ड्राइवर के आचरण की नियमित जांच करें। इस अभियान में हेड कांस्टेबल अंकित भदौरिया, यातायात सिपाही नसीम और अभिषेक चौधरी प्रमुख रूप से सक्रिय रहे।

ये भी पढ़े-  कानपुर देहात पुलिस का कायाकल्प: एसपी श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने किया प्रस्तावित हाईटेक विंग का निरीक्षण

Related Articles

AD
Back to top button