मिशन शक्ति 5.0: जिला अस्पताल के वन स्टॉप सेंटर पहुंचीं एसपी, महिलाओं की सुरक्षा और सुविधाओं का लिया जायजा
भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच।

कानपुर देहात में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को धार देने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। मिशन शक्ति अभियान 5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने आज जिला अस्पताल अकबरपुर परिसर में स्थित वन स्टॉप सेंटर (One Stop Center) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में पीड़ित महिलाओं के लिए उपलब्ध संसाधनों और व्यवस्थाओं की बारीकी से पड़ताल की।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने महिलाओं के रहने के कक्ष, शौचालय, रसोईघर और भोजन की गुणवत्ता को स्वयं जांचा। उन्होंने पीने के पानी की उपलब्धता और वेंटिलेशन जैसी बुनियादी सुविधाओं का भी अवलोकन किया। केंद्र में तैनात परामर्शदाताओं और कर्मचारियों से बातचीत कर उनकी कार्यप्रणाली समझी और रिकॉर्ड रजिस्टर व शिकायत निस्तारण प्रक्रिया की समीक्षा की। सुरक्षा के मद्देनजर सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर कैमरों की कार्यशीलता और रिकॉर्डिंग स्थिति को भी परखा गया।
एसपी ने केंद्र संचालक को सख्त निर्देश दिए कि पीड़िताओं को सुरक्षित, सम्मानजनक और सहानुभूतिपूर्ण वातावरण मिलना चाहिए। उन्होंने परिसर में स्वच्छता, रात्रि के समय पर्याप्त लाइटिंग और महिलाओं की गोपनीयता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को समय पर पौष्टिक भोजन और हर संभव सहायता उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।
ये भी पढ़े– कानपुर देहात में सब्जी विक्रेताओं का फूटा गुस्सा ठेकेदार पर अवैध वसूली का आरोप



