कानपुर देहात रसूलाबाद में भीषण सड़क हादसा दो युवकों की मौके पर मौत ट्रैक्टर खड्ड में पलटा
रसूलाबाद असालतगंज मार्ग पर बड़ा हादसा तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को मारी टक्कर दो की मौत

कानपुर देहात: जनपद के रसूलाबाद कोतवाली क्षेत्र से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। असालतगंज-बिरूहन मार्ग पर गैस एजेंसी के पास हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की असमय जान चली गई। तेज रफ्तार ट्रैक्टर और बाइक की जोरदार भिड़ंत में बाइक सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि बाइक को टक्कर मारने के बाद अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर सड़क किनारे गहरे खड्ड में जाकर पलट गया।
यह हादसा असालतगंज-बिरूहन मार्ग पर स्थित गैस एजेंसी के सामने उस वक्त हुआ जब दोनों युवक बिरूहन से असालतगंज की तरफ जा रहे थे। अचानक सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक में सीधी टक्कर मार दी।
मृतकों की पहचान हिमांशू पुत्र दीनदयाल और अभजीत पुत्र शिवकुमार के रूप में हुई है। दोनों मृतक चौबेपुर रसूलाबाद, कानपुर देहात के निवासी थे।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आगे की आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके साथ ही खड्ड में पलटे ट्रैक्टर को बाहर निकलवाने का प्रयास किया जा रहा है। हादसे की खबर पहुंचते ही चौबेपुर गांव में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



