कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात: राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने शिक्षक समस्याओं से संबंधित दस सूत्रीय ज्ञापन बीएसए को सौंपा

बीएसए ने सभी 10 मांगों के चरणबद्ध निस्तारण का दिया आश्वासन।

कानपुर देहात। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ जनपद कानपुर देहात के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाध्यक्ष मनोज कुमार शुक्ला के नेतृत्व में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय से शिष्टाचार भेंट कर शिक्षकों एवं विद्यालयों से संबंधित विभिन्न लंबित समस्याओं के समाधान हेतु 10 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।

भेंटवार्ता के दौरान जिलाध्यक्ष मनोज कुमार शुक्ला ने विद्यालयों में अपार आईडी बनाने में आ रही व्यावहारिक एवं तकनीकी कठिनाइयों तथा विद्यालयों में नियुक्त सफाई कर्मियों की नियमित अनुपस्थिति का मुद्दा प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि इन समस्याओं का समाधान विभागीय स्तर पर कराया जाना आवश्यक है, ताकि शिक्षकों पर अनावश्यक दबाव न बने और विद्यालयों की व्यवस्थाएँ सुचारु रूप से संचालित हो सकें। जिला महामंत्री सुनील कुमार ने शिक्षकों के हित से जुड़े कैशलेस चिकित्सा योजना, सीसीएल स्वीकृति तथा एक दिन की वेतन कटौती जैसे महत्वपूर्ण विषयों को रखते हुए इनका समयबद्ध एवं न्यायोचित समाधान कराने का आग्रह किया।

जिला मंत्री विवेक पाल ने मानव सम्पदा पोर्टल पर ईएल (अर्जित अवकाश) अपडेट न होने से शिक्षकों को हो रही समस्याओं से अवगत कराया तथा इसके शीघ्र निराकरण की मांग की। ज्ञापन में इसके अतिरिक्त चयन एवं प्रोन्नति वेतनमान, पाठ्यपुस्तकों की समयबद्ध उपलब्धता, बीआरसी कार्यालयों में प्रार्थना-पत्र रिसीव करने की व्यवस्था, विद्यालयों पर अनावश्यक गैर-शैक्षणिक कार्यों का दबाव समाप्त करने तथा ब्लॉक स्तर पर मान्यता प्राप्त शिक्षक संगठनों के साथ नियमित बैठक आयोजित करने सहित कुल 10 प्रमुख मांगें सम्मिलित रहीं।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय ने प्रतिनिधिमंडल की सभी मांगों को गंभीरता से सुना तथा सभी 10 सूत्रीय मांगों के नियमानुसार एवं चरणबद्ध निस्तारण का आश्वासन दिया। इस दौरान वरिष्ठ उपाध्यक्ष महेन्द्र सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष देवेंद्र सिंह, मीडिया प्रभारी नौशाद अहमद, जिला मंत्री अरुणेंद्र सिंह, डेरापुर ब्लाक अध्यक्ष जय शंकर द्विवेदी, डेरापुर महामंत्री रामजी, संदलपुर वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनुराग गुप्ता, सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

 

 


ये भी पढे-  कानपुर देहात: सिकंदरा थाना प्रभारी जनार्दन प्रताप सिंह लाइन हाजिर, कार्यशैली में शिथिलता पर गिरी गाज


 

Related Articles

AD
Back to top button