कानपुर देहात: रूरा में भाई से विवाद के बाद किशोरी ने की आत्महत्या
परिजनों में मचा कोहराम, पुलिस जांच में जुटी

कानपुर देहात के रूरा कस्बे के अंबेडकर नगर गांव में गुरुवार देर शाम एक किशोरी ने भाई से विवाद के बाद फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।प्राप्त जानकारी के मुताबिक रूरा कस्बे के अंबेडकर नगर में कमलेश कुमार परिवार के साथ रहते हैं।उनकी 13 साल की बेटी अनन्या कक्षा 8 वीं में पढ़ती थी।जबकि छोटा बेटा अनूप भी पढ़ाई करता है।
गुरुवार को अनूप मोहल्ले के अन्य बच्चों के साथ रंग खेल रहा था।वह बार बार घर में आता और फिर चला जाता था।घर में बार बार गंदगी होने से नाराज अनन्या ने अनूप को ऐसा करने से मना किया।इस बात पर दोनों के बीच झगड़ा शुरू हो गया।कुछ ही देर में हाथापाई शुरू हो गई।अनूप ने डंडे से अनन्या पर हमला कर दिया।जिससे उसे गंभीर चोट आई।गुस्से में आकर किशोरी ने भी भाई को दो थप्पड़ मार दिए।विवाद बढ़ता देख मां शिवकमारी ने आकर बीच बचाव किया।इसके बाद मां ने भी अनन्या को बुरी तरह से डांट लगा दी।इस बात से अनन्या नाराज हो गई।कुछ देर बाद मां फिर से अपने काम में लग गई।शाम करीब 6 बजे अनन्या ने कमरा बंद कर दुपट्टे का फंदा लगाकर फांसी लगा ली।
कमरा बंद देख मां ने दरवाजा खटखटाया परंतु अंदर से कोई आवाज नहीं आई।उन्होंने शोर मचाया।शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे।उन्होंने दरवाजा तोड़ कर देखा तो अनन्या का शव फंदे से लटका हुआ था।परिजनों ने उसे अस्पताल पहुंचाया।लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।जिसके बाद परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी विनोद कुमार मौके पर पहुंचे और घटना की जांच पड़ताल की।पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।घटना से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था।थाना प्रभारी सुधीर भारद्वाज ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का सामने आया है।शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।मामले की छानबीन की जा रही है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।
ये भी पढ़े- कानपुर देहात में ट्रेन की चपेट में आकर युवक की मौत



