कानपुर देहात में सेंगुर नदी में मिले युवती के शव के मामले ने लिया उग्र रूप
पांच नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ हत्या व साक्ष्य मिटाने का केस दर्ज

- पुलिस गहनता से जांच में जुटी
कानपुर देहात: जनपद के मंगलपुर थाना क्षेत्र में बीते 8 जून को सेंगुर नदी से बरामद एक युवती के शव के मामले ने नया मोड ले लिया है।पुलिस ने शव को नदी में फेंककर साक्ष्य मिटाने के आरोप में पांच नामजद व एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान मंगलपुर थाना क्षेत्र के चंद्रकुरा गांव निवासी मानसिंह की 19 वर्षीय पुत्री ज्योति के रूप में हुई थी।चंद्रकुरा गांव निवासी राना उर्फ राजेंद्र ने मंगलपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि बीते 6 जून की सुबह मिलन पुत्र मानसिंह,रेखा पत्नी वीरू,मानसिंह पुत्र श्यामा निवासीगण चंद्रकुरा,मौला उर्फ सुशील पुत्र तिन्नी निवासी भटेलनपुरवा तथा एक अज्ञात कार चालक ने मिलकर ज्योति के शव को वाहन में लादकर सैंगुर नदी में फेंक दिया था।शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि मिलन के अपनी भाभी रेखा से अवैध संबंध थे।ज्योति ने कथित तौर पर दोनों को आपत्तिजनक हालत में देख लिया था।
आरोप है कि जिसके बाद मिलन और रेखा ने मिलकर ज्योति की हत्या कर दी।हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से अन्य आरोपियों की मदद ली गई और शव को नदी में फेंक दिया गया। 08 जून को ज्योति का शव सेंगुर नदी से बरामद किया गया।जिसके बाद पुलिस ने शव की पहचान कराई और पोस्टमार्टम कराया।पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी महेश दुबे ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है।जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर कार्यवाही की जाएगी।



