कानपुर देहात: शिक्षकों और कर्मचारियों की वार्षिक वेतन वृद्धि जुलाई 2026 के लिए सूची तलब
वित्त एवं लेखा अधिकारी हरिकेश बहादुर ने जारी किए निर्देश

राजेश कटियार, कानपुर देहात। जनपद के बेसिक शिक्षा परिषद के अंतर्गत कार्यरत शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत जुलाई माह में देय वार्षिक वेतन वृद्धि (एनुअल इंक्रीमेंट) प्रदान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वित्त एवं लेखा अधिकारी (बेसिक शिक्षा) हरिकेश बहादुर ने जनपद के समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर संबंधित कर्मचारियों की सूची निर्धारित प्रारूप पर मांगी है।
27 जुलाई तक एक्सेल फॉर्मेट में भेजनी होगी सूची
जारी निर्देश के अनुसार सभी खण्ड शिक्षा अधिकारियों को अपने विकासखण्ड के पात्र शिक्षकों और कर्मचारियों की सूची एक्सेल फॉर्मेट में तैयार करनी होगी। इसके साथ ही कर्मचारियों की ई सेवा पंजिका में वेतन वृद्धि का अंकन कराते हुए प्रमाणित प्रति कार्यालय की आधिकारिक ईमेल आईडी पर और हार्ड कॉपी के रूप में 27 जुलाई 2026 तक अनिवार्य रूप से जमा करनी होगी।
रुके हुए वेतन या विभागीय कार्यवाही का देना होगा विवरण
वित्त एवं लेखा अधिकारी हरिकेश बहादुर ने पत्र में सख्त निर्देश दिए हैं कि सूची तैयार करते समय इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि जिन शिक्षकों या कर्मचारियों का वेतन वर्तमान में अवरुद्ध है अथवा जिन पर कोई विभागीय कार्यवाही चल रही है और उसके कारण उनकी वार्षिक वेतन वृद्धि रोकी गई है उनके नाम के आगे संबंधित कार्यवाही का पूरा विवरण स्पष्ट रूप से दर्ज करना होगा।
लापरवाही पर खण्ड शिक्षा अधिकारी होंगे जिम्मेदार
वित्त एवं लेखाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि यदि सूची भेजने या विवरण में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाई जाती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित खण्ड शिक्षा अधिकारी की होगी।



