कानपुर देहात: संकटमोचक बने मंत्री दारा सिंह चौहान, सड़क हादसे के बाद काफिला रोक स्कूली बच्चों को पहुंचाया अस्पताल
मंत्री के निर्देश पर घायल बच्चों को तुरंत अस्पताल पहुंचाकर दिलाया गया उपचार।

कानपुर देहात: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने एक बार फिर अपनी संवेदनशीलता और मानवता का परिचय दिया है। झांसी जाते समय कानपुर देहात क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे को देखकर मंत्री ने न सिर्फ अपना काफिला रुकवाया, बल्कि दुर्घटना का शिकार हुए स्कूली बच्चों को तत्काल मलबे और संकट से बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाने की पुख्ता व्यवस्था भी कराई।
यह घटना जनपद कानपुर देहात में सिंगूर नदी के पास मावर शरीफ गांव की है, जहां एक स्कूली बस और ट्रक के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। टक्कर होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। इसी दौरान प्रदेश के कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान का काफिला वहां से गुजर रहा था। सड़क पर क्षतिग्रस्त वाहनों और बच्चों को संकट में देख उन्होंने बिना एक पल गंवाए अपनी गाड़ियों को रुकवाने का निर्देश दिया।
खुद मौके पर उतरे मंत्री, अधिकारियों को दिए निर्देश
काफिला रुकते ही मंत्री स्वयं गाड़ी से नीचे उतरे और दुर्घटनास्थल पर पहुंचकर बच्चों के बीच पहुंचे। उन्होंने घबराए हुए बच्चों को ढांढस बंधाया और उनका हाल-चाल जाना। इसके बाद उन्होंने बिना समय गंवाए स्थानीय प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को फोन कर मौके पर एम्बुलेंस और राहत टीम भेजने के निर्देश दिए।
समय पर इलाज मिलने से टला बड़ा हादसा
मंत्री की इस तत्परता और संवेदनशीलता के कारण घायल बच्चों को बेहद कम समय में चिकित्सीय सहायता उपलब्ध करा दी गई। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी भी बच्चे को गंभीर चोट नहीं आई है। दो बच्चों को मामूली खरोंचें और चोटें आई थीं, जिन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार दे दिया गया और अब वे पूरी तरह सुरक्षित हैं। स्थानीय लोगों ने संकट के समय मंत्री द्वारा दिखाए गए इस सेवा भाव और त्वरित निर्णय की जमकर सराहना की है।
ये भी पढे- कानपुर देहात में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत,दो घायल



