कानपुर देहात: सर्राफा व्यापारी से लूट करने वाले बुलेट सवार 3 बदमाश गिरफ्तार, पुलिस टीम को 10 हजार का इनाम
अभियुक्तों के पास से ₹11,400 नकद, दो अवैध तमंचे और कारतूस बरामद।

कानपुर देहात की गजनेर पुलिस और स्पेशल टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए लूट की एक बड़ी घटना का सफल अनावरण किया है। पुलिस ने व्यापारी राजबल्लभ परिहार से हुई लूट के मामले में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए बदमाशों के पास से लूट की राशि में से ₹11,400 नकद, वादी का मोबाइल, दो अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस और घटना में इस्तेमाल की गई काले रंग की बुलेट मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
घटना के संबंध में बताया गया कि 26 अप्रैल को व्यापारी राजबल्लभ अपनी दुकान बंद कर घर जा रहे थे, तभी रायपुर गजनेर रोड पर बुलेट सवार बदमाशों ने उन पर चाकू से हमला कर नगदी और सामान लूट लिया था। पुलिस अधीक्षक ने इस मामले में स्वाट और सर्विलांस टीम को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए थे। सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने राजरोशन, आकाश कोरी और कुलदीप कोरी को सरवन खेड़ा मार्ग से गिरफ्तार किया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि कुलदीप कोरी ने व्यापारी की रेकी कर अपने साथियों को मोबाइल पर सूचना दी थी, जिसके बाद लूट को अंजाम दिया गया। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी श्याम कोरी फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। इस सराहनीय कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक ने टीम को ₹10,000 के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।
ये भी पढे- कानपुर देहात: गजनेर में युवक को बंधक बनाकर पीटा,पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट



