कानपुर देहात: सर्वोच्च न्यायालय के लंबित मुकदमों का समझौते से होगा निपटारा, अगस्त में तीन दिवसीय विशेष लोक अदालत
समाधान समारोह-2026 के तहत कानपुर देहात जिला न्यायालय में तैयारियां तेज, ऑनलाइन आवेदन शुरू

कानपुर देहात: सर्वोच्च न्यायालय में लंबे समय से लंबित मुकदमों को आपसी सुलह-समझौते के जरिए खत्म करने के लिए देशव्यापी अभियान चलाया जा रहा है। मुख्य न्यायाधीश, सर्वोच्च न्यायालय, नई दिल्ली के निर्देशन में शुरू हुए ‘समाधान समारोह-2026’ के तहत आगामी 21, 22 एवं 23 अगस्त 2026 को विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इस विशेष लोक अदालत में केवल उन्हीं वादों को शामिल किया जाएगा, जिनका निस्तारण दोनों पक्षों की आपसी सहमति और सौहार्दपूर्ण समझौते के आधार पर होना संभव है।
जनपद न्यायाधीश व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष रविन्द्र सिंह के कुशल मार्गदर्शन में इस अभियान को सफल बनाने की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कानपुर देहात की सचिव नूपुर श्रीवास्तव ने बताया कि समाधान समारोह-2026 की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए जिले में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। पक्षकारों के बीच बातचीत को बढ़ावा देने के लिए विधिक सेवा प्राधिकरणों और समितियों के मध्यस्थता केंद्रों पर प्रशिक्षित मध्यस्थों तथा अधिकारियों की देखरेख में विशेष सुलह वार्ताएं आयोजित की जाएंगी। राहत की बात यह है कि पक्षकार इन वार्ताओं में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने के साथ-साथ वर्चुअल (ऑनलाइन) माध्यम से भी जुड़ सकेंगे।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कानपुर देहात ने जनपद के सभी वादकारियों से अपील की है कि वे अपने लंबित मामलों को इस विशेष लोक अदालत में शामिल कराकर शीघ्र और सस्ते न्याय का लाभ उठाएं। इच्छुक वादकारी अपने मामलों को दर्ज कराने के लिए जनपद न्यायालय कानपुर देहात की आधिकारिक वेबसाइट (https://kanpurdehat.dcourts.gov.in/) पर उपलब्ध ऑनलाइन लिंक के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा योजना से जुड़ी किसी भी प्रकार की अधिक जानकारी या सहायता के लिए कार्यालय के दूरभाष संख्या 05111-299253 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
ये भी पढे- राष्ट्रीय लोक अदालत: कानपुर देहात जिलाधिकारी ने आपसी सहमति से निपटाए वर्षों पुराने विवाद



