कानपुरउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

काले बैग में छिपा रखा था मौत का सामान, कानपुर पुलिस ने घेराबंदी कर ऐसे दबोचे दो चरस तस्कर

प्रिया हॉस्पिटल अंडरपास के पास स्वाट और बर्रा पुलिस का बड़ा एक्शन, भारी मात्रा में चरस बरामद

कानपुर नगर में अपराधियों और नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन व्हाइट पाउडर’ के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस आयुक्त के कुशल पर्यवेक्षण और संयुक्त पुलिस आयुक्त के निर्देशन में अपराध शाखा की स्वाट टीम तथा थाना बर्रा पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर चरस बेचने वाले दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए तस्करों के पास से पुलिस ने भारी मात्रा में नाजायज चरस बरामद की है, जिसे वे शहर में खपाने की फिराक में थे।

पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बर्रा थाना क्षेत्र के प्रिया हॉस्पिटल के आगे अंडरपास के नीचे दो संदिग्ध व्यक्ति मादक पदार्थ के साथ मौजूद हैं। सूचना मिलते ही स्वाट टीम प्रभारी मनीष कुमार यादव और बर्रा थाना प्रभारी निरीक्षक रवीन्द्र श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस ने वहां मौजूद दो संदिग्धों को रोककर तलाशी ली, तो उनके पास मौजूद एक काले रंग के पिठू बैग से 08 किलो 458 ग्राम नाजायज चरस बरामद हुई। इतनी बड़ी मात्रा में नशीला पदार्थ देखकर पुलिस टीम भी दंग रह गई।

पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान रमजान अहमद (44 वर्ष) और एजाज अहमद (32 वर्ष) के रूप में हुई है। यह दोनों आरोपी मंधना रावतपुर क्षेत्र के रहने वाले हैं और लंबे समय से नशीले पदार्थों की तस्करी में लिप्त थे। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ बर्रा थाने में धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और उन्हें कोर्ट में पेश कर जेल भेजने की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब इनके पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे यह चरस कहां से लाते थे और कानपुर में इसे किन-किन लोगों को सप्लाई किया जाना था।


ये भी पढे-  कानपुर देहात जिला कारागार में सचिव का औचक छापा; बंदियों के बीच पहुंचीं नूपुर श्रीवास्तव, व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा


Related Articles

AD
Back to top button