खेत में लहूलुहान मिला युवक: डेरापुर के खिरवां गांव में सनसनी, हत्या के प्रयास का मामला दर्ज
धारदार हथियार या भारी वस्तु से हमले की आशंका, हालत नाजुक होने पर कानपुर रेफर।

कानपुर देहात: जनपद के डेरापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत खिरवां गांव में बुधवार की देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक अपने ही खेत में मरणासन्न हालत में पाया गया। युवक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान देख इलाके में किसी अज्ञात हमले की आशंका से दहशत फैल गई है। घायल युवक की पहचान खिरवां निवासी शिवा दिवाकर के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, राजेंद्र का पुत्र शिवा रात के समय खेत में खून से लथपथ पड़ा मिला। ग्रामीणों में चर्चा है कि शिवा पर किसी अज्ञात हमलावर ने धारदार हथियार या पत्थरों से जानलेवा हमला किया है। हालांकि, हमले की वजह और हमलावरों के बारे में अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। आनन-फानन में परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां से डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए कानपुर रेफर कर दिया है।
पिता की तहरीर पर 307 के तहत मुकदमा दर्ज
घटना की जानकारी मिलते ही कांधी चौकी प्रभारी मलूक चंद्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और साक्ष्य जुटाए। थाना प्रभारी संजेश कुमार ने बताया कि घायल युवक के पिता की तहरीर के आधार पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ धारा 307 (हत्या का प्रयास) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें संदिग्धों की तलाश और घटना के पीछे के असल कारणों का पता लगाने में जुटी हैं।



