फ्रेश न्यूजउत्तरप्रदेशलखनऊ

9 वर्ष नवनिर्माण नहीं बल्कि विध्वंस के रहे: अजय राय ने योगी सरकार के रिपोर्ट कार्ड की खोली पोल

ग्रीन कॉरिडोर के धंसने और सूदखोरी के कारण हो रही आत्महत्याओं को भ्रष्टाचार का प्रतीक बताया।

लखनऊ: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और पूर्व मंत्री अजय राय ने आज प्रदेश मुख्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता में योगी सरकार के 9 वर्षों के कार्यकाल पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने सरकार के ‘नवनिर्माण’ के दावों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि सच्चाई जमीनी हकीकत से कोसों दूर है। अजय राय ने एक के बाद एक 9 ऐसे बिंदु रखे, जिन्हें उन्होंने सरकार के ‘9 विध्वंस’ करार दिया।

अजय राय ने भ्रष्टाचार का उदाहरण देते हुए कहा कि 15 मार्च 2026 को 1519 करोड़ की लागत से बने ग्रीन कॉरिडोर का उद्घाटन हुआ और अगले ही दिन सड़क धंस गई, जो सरकारी तंत्र की पोल खोलता है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में सूदखोरों का जाल फैला है, जिसके चलते फतेहपुर और मोहनलालगंज में आर्थिक तंगी के कारण आत्महत्याएं हो रही हैं।

किसानों के साथ बैंक का व्यवहार सूदखोरों जैसा: आगरा के किसानों ने सुनाई आपबीती

प्रेस वार्ता में आगरा से आए किसानों ने राज्य सहकारी कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (पूर्व में भूमि विकास बैंक) की प्रताड़ना की रोंगटे खड़े कर देने वाली दास्तां सुनाई। किसान नेता मुकेश डागुर और जिलाध्यक्ष रामनाथ सिकरवार ने बताया कि बैंक किसानों के साथ अपराधियों जैसा व्यवहार कर रहा है। उदाहरण के तौर पर, अतर सिंह ने 2003 में 2.88 लाख का लोन लिया, 4.98 लाख चुकाए, फिर भी 2025 में 20.14 लाख की देनदारी निकाल दी गई। वहीं सैया ब्लॉक के सुनील ने कर्ज के बोझ और कुर्की की धमकी से आहत होकर आत्महत्या कर ली।

कानून व्यवस्था और शिक्षा की बदहाली पर उठाए सवाल

अजय राय ने पिछले तीन दिनों की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि गोरखपुर में पार्षद की हत्या, कानपुर में मासूम बच्ची से दुष्कर्म और भदोही की घटनाओं ने कानून व्यवस्था के दावों की धज्जियां उड़ा दी हैं। उन्होंने पीलीभीत और मेरठ के स्कूलों के वीडियो दिखाते हुए शिक्षा विभाग की बदहाली को भी उजागर किया, जहां बच्चियों से मिड-डे मील बनवाया जा रहा है और अनाज सड़ रहा है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने अंत में कहा कि योगी सरकार आत्ममुग्धता में डूबी है, जबकि प्रदेश का हर वर्ग—चाहे वह युवा हो, किसान हो या व्यापारी—पूरी तरह परेशान है। उन्होंने मांग की कि सरकार विज्ञापनों से बाहर निकलकर जनता के दर्द को समझे और इन गंभीर घोटालों व प्रताड़नाओं पर जवाब दे।

ये भी पढ़े-  कानपुर देहात: नशेड़ी पति का खौफनाक कदम: मामूली विवाद में पत्नी को बसूले से काट डाला, पुलिस ने दबोचा

aman yatra
Author: aman yatra

Related Articles

AD
Back to top button