छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय में तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0 का शुभारंभ
छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय में शुक्रवार को राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत “तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0” का भव्य शुभारंभ

- धूम्रपान निषेध भारत रैली से गूंजा विश्वविद्यालय परिसर
कानपुर। छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय में शुक्रवार को राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत “तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0” का भव्य शुभारंभ हुआ। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक के निर्देशन एवं समर्थन में आयोजित इस कार्यक्रम के अंतर्गत “धूम्रपान निषेध भारत” जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 8 बजे कुलसचिव श्री राकेश कुमार मिश्रा द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर छात्रों के नारों से गूंज उठा —
“युवा शक्ति नारा है, नशा मुक्ति देश हमारा है”।
अपने संबोधन में श्री मिश्रा ने धूम्रपान से होने वाली हानियों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए छात्रों से नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवन अपनाने का आह्वान किया।
सोशल वर्कर वंदना, निधि और प्रियंका ने छात्रों को धूम्रपान एवं इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने लंग कैंसर, थ्रोट कैंसर और अस्थमा जैसी गंभीर बीमारियों से बचाव हेतु जागरूक रहने का संदेश दिया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के एनसीसी कैडेट्स ने रैली में सक्रिय भागीदारी की और परिसर में नशा मुक्ति के नारे लगाए —“आओ मिलकर ठानें हम, नशा मुक्त देश बनाएं हम” तथा
“नशा नहीं शिक्षा अपनाओ, खुशहाल देश बनाओ”।
कार्यक्रम के सफल संचालन में डॉ. अंकित त्रिवेदी तथा डॉ. मयूरी सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। डॉ. त्रिवेदी ने छात्रों से नशे से दूर रहने का संकल्प लेने की अपील की, जबकि डॉ. मयूरी सिंह ने कहा कि यह अभियान युवाओं में नशा मुक्ति की भावना को मजबूत करेगा।
तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0 ने छात्रों में धूम्रपान और नशे के खतरों के प्रति जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस आयोजन ने युवाओं को स्वस्थ और नशामुक्त जीवन की ओर प्रेरित किया।



