गजनेर में चोरों का तांडव: दो घरों के ताले तोड़कर 9 लाख के जेवर और नकदी पार
चोरों ने परिजनों को कमरों में कैद कर वारदात को दिया अंजाम।

कानपुर देहात के गजनेर थाना क्षेत्र अंतर्गत नंगापुर गांव में बीती रात बेखौफ चोरों ने दो मकानों को निशाना बनाया। चोरों ने बड़ी चालाकी से घर में घुसकर करीब 9 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और 70 हजार रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। आहट होने पर जब परिजनों ने शोर मचाया, तो चोर छत के रास्ते भाग निकले। इस बड़ी चोरी से इलाके में दहशत का माहौल है।
शौचालय के सहारे छत पर चढ़े चोर
नंगापुर निवासी परशुराम के मुताबिक, पूरा परिवार घर के अलग-अलग कमरों और बरामदे में सो रहा था। आधी रात को चोर मकान के पिछले हिस्से में बने शौचालय के सहारे छत पर चढ़ गए। वहां से चोर बिना दरवाजे वाले जीने के रास्ते सीधे घर के अंदर दाखिल हुए। चोरों ने कमरों का ताला तोड़कर अलमारी और बक्सों को खंगाला। यहां से चोरों ने 50 हजार रुपये नकद और करीब 8 लाख रुपये के कीमती आभूषण, जिसमें हार, जंजीर, अंगूठियां और अन्य जेवर शामिल थे, चोरी कर लिए।
दरवाजे बाहर से किए बंद, शोर मचाने पर भागे
चोरी के दौरान जब बहू रोशनी की नींद खुली, तो उसने शोर मचाना शुरू किया। चोरों ने पकड़े जाने के डर से कमरों के दरवाजे बाहर से बंद कर दिए थे, जिससे परिजन चाहकर भी बाहर नहीं निकल सके। शोर सुनकर परशुराम के बेटे सूर्य प्रताप ने बगल में रहने वाले चचेरे भाई को फोन किया, जिसने छत से आकर नीचे का दरवाजा खोला। तब तक चोर कीमती सामान लेकर चंपत हो चुके थे।
पड़ोसी के घर में भी की हाथ साफ
परशुराम के घर के ठीक बगल में रहने वाले देवेंद्र सिंह के मकान को भी चोरों ने इसी अंदाज में निशाना बनाया। वहां भी चोरों ने छत के रास्ते कमरे में घुसकर अलमारी और बक्सों के ताले तोड़े। देवेंद्र के घर से चोरों ने 20 हजार रुपये नकद और करीब 50 हजार रुपये के आभूषण चोरी किए। पड़ोस में शोर सुनकर जब देवेंद्र के बेटे विनय ने बाहर निकलना चाहा, तो उसका कमरा भी बाहर से बंद मिला। पुलिस क्षेत्राधिकारी संजय सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौका मुआयना किया है और मामले की सघन जांच शुरू कर दी गई है।
ये भी पढ़े- कानपुर देहात : दहेज लोभी पिता ने की थी बहू की हत्या, मंगलपुर पुलिस ने आरोपी ससुर को भेजा जेल



